अभिषेक राज/न्यूज11 भारत
गयाजी/डेस्क: जिले के टनकुप्पा प्रखंड स्थित मायापुर गांव में कल बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत पहुंचेंगे. उनके आगमन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम स्थल तक हर स्तर पर तैयारी अंतिम चरण में है.
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जदयू कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. जगह-जगह स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता जुटे हुए हैं. इस संबंध में जदयू जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा एवं युवा जदयू जिलाध्यक्ष सतीश पटेल उर्फ रमाकांत ने बताया कि समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री मायापुर गांव पहुंचेंगे, जहां करोड़ों रुपये की योजनाओं की सौगात जिलेवासियों को मिलेगी.
उन्होंने बताया कि टनकुप्पा में बने कृषि से संबंधित भवन का उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा. इसके अलावा जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और समीक्षा भी की जाएगी. मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासनिक महकमा अलर्ट मोड में है, वहीं कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में भारी उत्साह का माहौल बना हुआ है.
यह भी पढ़ें: सारण में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, 1.28 करोड़ के लेन-देन में एक गिरफ्तार