बिहार विधानमंडल का बजट सत्र, हंगामेदार शुरुआत, नीट छात्रा मामलों को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन

By : News11 Bharat
बिहार विधानमंडल का बजट सत्र, हंगामेदार शुरुआत, नीट छात्रा मामलों को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन

न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: 
बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित दोनों उपमुख्यमंत्री सदन में मौजूद रहे, जबकि विपक्ष के विधायक वेल में उतरकर हाथों में पोस्टर लेकर प्रदर्शन करते नजर आए. विपक्ष ने दरभंगा और पटना में नीट छात्रा से जुड़े कथित रेप मामलों को लेकर सरकार को घेरा. “नीतीश सरकार जवाब दो”, “बिहार की बेटियां सुरक्षित क्यों नहीं” और “नीतीश कुमार चुप्पी तोड़ो” जैसे नारे सदन में गूंजते रहे. कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की.

विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने विधायकों को तख्ती लहराने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह सदन की मर्यादा के खिलाफ है. उन्होंने विपक्ष से शांति बनाए रखने और अपनी सीटों पर बैठने की अपील की.


मंत्री विजय चौधरी का विपक्ष पर पलटवार

विपक्ष के हंगामे पर मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि विपक्ष सरकार से जवाब मांगता है, लेकिन जब सरकार जवाब देने को तैयार होती है तो वे सुनना नहीं चाहते. सरकार सभी सवालों का जवाब देगी, इसके लिए विपक्ष को अपने स्थान पर बैठना चाहिए.


अपील के बाद भी नहीं थमा हंगामा, विपक्ष का वॉकआउट

अध्यक्ष की अपील पर विपक्ष के विधायक कुछ देर के लिए अपनी सीटों पर पहुंचे, लेकिन बाद में विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया. इस पर मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि विपक्ष सिर्फ हल्ला करने में रुचि रखता है, सुनना उनके बस की बात नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष भ्रम की स्थिति में है, इसलिए इस तरह का आचरण कर रहा है.


सर्पदंश से मौत पर मुआवजे की मांग

इस बीच बीजेपी विधायक जीवेश मिश्रा ने बिहार में सर्पदंश से मरने वालों के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग उठाई.


सरकारी पक्ष की सफाई

मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने इस मांग पर स्पष्ट किया कि मौजूदा प्रावधान केवल जंगली जानवरों के हमले से मौत के मामलों पर लागू होता है. इसके तहत कई वन्य जीवों के नाम सूचीबद्ध हैं, जबकि सांप को वन्य प्राणी की श्रेणी में शामिल नहीं किया गया है.


बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के तहत आज का दिन राजनीतिक और विधायी गतिविधियों से बेहद अहम रहने वाला है. सुबह 11 बजे बिहार विधानसभा और दोपहर 12 बजे बिहार विधान परिषद की कार्यवाही शुरू होगी. सदन में आज भी लॉ एंड ऑर्डर के मुद्दे पर हंगामे के आसार जताए जा रहे हैं.

गौरतलब है कि सोमवार को विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच तीखी बहस देखने को मिली थी. इसी मुद्दे को लेकर आज भी विपक्ष के तेवर तीखे रहने की संभावना है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन आज पहली बार बिहार विधानसभा पहुंचेंगे. वे विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे, जिस पर राजनीतिक हलकों की खास नजर बनी हुई है. दोपहर 2 बजे से विधानसभा में बजट मांग अनुदान पेश किया जाएगा.

आज जिन विभागों के बजट पेश होंगे, उनमें पथ निर्माण विभाग, उद्योग विभाग, पंचायती राज विभाग, पर्यटन विभाग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग समेत कई शामिल हैं. नगर निकाय और ऊर्जा से जुड़े अहम प्रस्ताव सदन में आज के एजेंडे में कई महत्वपूर्ण विधायी और वित्तीय दस्तावेज भी शामिल है: 

“बिहार नगरपालिका विधि सेवा नियमावली, 2025”
“बिहार नगरपालिका योजना सेवा नियमावली, 2025”

इन दोनों नियमावलियों को सदन में प्रस्तुत किया जाएगा. ऊर्जा विभाग द्वारा कंपनी अधिनियम, 2013 की धारा-395 के तहत बिहार राज्य जल विद्युत निगम के वित्तीय वर्ष 2014-15 से 2015-16 तक के वार्षिक लेखा प्रतिवेदन सदन में लाए जाएंगे. बिहार मूल्यवर्धित कर अधिनियम, 2005 की धारा-99 के तहत अधिसूचना संख्या S.O.-145 बिहार माल और सेवा कर अधिनियम, 2017 की धारा-166 के तहत अधिसूचना सदन के पटल पर रखी जाएगी.

यह भी पढ़े: बिहार में दफादार-चौकीदार बहाली के लिए नई नियमावली तैयार, 10वीं पास होना अनिवार्य
 

संबंधित सामग्री

मोतिहारी पुलिस और SSB की बड़ी कार्रवाई: नेपाल से भारत लाई जा रही 3 नाबालिग बरामद

मोतिहारी पुलिस और SSB की बड़ी कार्रवाई: नेपाल से भारत लाई जा रही 3 नाबालिग बरामद

पूर्वी चम्पारण जिले के कुण्डवाचैनपुर थाना क्षेत्र से मानव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता का मामला सामने आया है।

25 सितंबर को रांची आएंगे कांग्रेस प्रभारी के. राजू, 26 को राजभवन घेराव में होंगे शामिल

25 सितंबर को रांची आएंगे कांग्रेस प्रभारी के. राजू, 26 को राजभवन घेराव में होंगे शामिल

कांग्रेस ने 26 सितंबर को MMDR और चंदा चोरी को लेकर राजभवन घेराव का ऐलान किया है.

नवादा में शिक्षक की पीट-पीटकर हत्या, शव मिलने से सनसनी

नवादा में शिक्षक की पीट-पीटकर हत्या, शव मिलने से सनसनी

नवादा के रोह प्रखंड में एक शिक्षक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है।

जमुई मामला: एक्शन में राज्य महिला आयोग, दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की तैयारी

जमुई मामला: एक्शन में राज्य महिला आयोग, दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की तैयारी

जमुई मामले में बिहार राज्य महिला आयोग की वर्तमान अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा (अप्सरा) का बयान सामने आया है।