शंभू भगत/न्यूज11 भारत
भागलपुर/डेस्क: भागलपुर सिविल कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. यह धमकी जजशिप के आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए एक मेल के जरिए दी गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट प्रशासन ने तत्काल पुलिस और जिला प्रशासन को सूचना देकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने का अनुरोध किया है.
सिविल कोर्ट के प्रशासनिक प्रभारी ने बुधवार 28 जनवरी को जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर और एसपी नवगछिया को पत्र संख्या 50/2026 के माध्यम से इस संबंध में अवगत कराया है. पत्र में बताया गया है कि न्यायालय परिसर को निशाना बनाने की धमकी ईमेल के जरिए दी गई है, जिसे अत्यंत आवश्यक बताते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है.
प्रशासनिक प्रभारी ने पत्र में एंटी बम स्क्वॉड और एंटी-सैबोटेज टीम से पूरे कोर्ट परिसर की सघन जांच कराने, स्निफिंग डॉग टीम के जरिए चप्पे-चप्पे की तलाशी लेने और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.
मामले की जानकारी ईमेल की कॉपी संलग्न करते हुए जज-इन-चार्ज नवगछिया और कहलगांव, जिला बार एसोसिएशन के सचिव सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी दी गई है. इधर सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं. साइबर सेल की टीम धमकी भरे ईमेल की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मेल कहां से और किसने भेजा है.
यह भी पढ़ें: गोपालगंज: युवक को हाथ में लगी गोली, आपसी विवाद में हुई वारदात, आरोपी फरार