न्यूज़11 भारत
पटना/डेस्क: बी.डी. कॉलेज द्वारा अधिवेशन भवन सभागार में आयोजित पहली भुवनेश्वरी दयाल व्याख्यानमाला में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ सांसद रविशंकर प्रसाद ने संबोधित करते हुए कहा कि “संविधान देश का मौलिक कानून है और यह भारत की सांस्कृतिक विरासत का प्रतिबिंब भी है.”
संविधान की मूल प्रति दिखाकर छात्रों को उसकी ऐतिहासिक महत्ता से अवगत कराया
सांसद रविशंकर प्रसाद ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत का संविधान स्वतंत्रता के तुरंत बाद के कठिन समय में तैयार हुआ और यह आज भी विश्व में सबसे समावेशी संविधानों में से एक है. उन्होंने संविधान की मूल प्रति भी दिखाकर छात्रों को उसकी ऐतिहासिक महत्ता से अवगत कराया.
प्राचार्या प्रो. रत्ना अमृत ने कॉलेज को उच्च गुणवत्ता की दिशा में आगे ले जाने के अपने संकल्प को दोहराया
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय सेवा आयोग के अध्यक्ष प्रो. गिरीश चौधरी, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह और मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शशि प्रताप शाही समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे. बी. डी. कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रत्ना अमृत ने कॉलेज को उच्च गुणवत्ता की दिशा में आगे ले जाने के अपने संकल्प को दोहराया. कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिव्या कुमार ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अमित कुमार ने. आयोजन का प्रायोजन इंडियन बैंक द्वारा किया गया.
ये भी पढ़ें- कड़ी सुरक्षा के बीच बोधगया पहुंचे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, अपने शिष्यों-भक्तो को कराएंगे पिंडदान