संजय श्रीवास्तव/न्यूज11 भारत
आरा/डेस्क: 10 जनवरी को जगदीशपुर प्रखंड के दुलहिनगंज गांव में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा पहुंचेंगे. जहां जगदीशपुर विधायक व जदयू के राष्ट्रीय महासचिव भगवान सिंह कुशवाहा की धर्मपत्नी स्व. उषा कुमारी की स्मृति में आयोजित शोक-सभा में कार्यक्रम में शामिल होंगे. जगदीशपुर पूर्व मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री व विधायक श्री भगवान सिंह कुशवाहा के भतीजे नीरज सिंह कुशवाहा ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और दोनों उपमुख्यमंत्री सहित दर्जनों मंत्रियों का आगमन सुनिश्चित हुआ है.वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है.
बुधवार को जगदीशपुर थाना अध्यक्ष द्वारा रास्ते का निरीक्षण कर कार्यक्रम स्थल का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया. वहीं जगदीशपुर मुखिया संघ के पूर्व अध्यक्ष नीरज सिंह कुशवाहा ने बताया कि करीब 20 हजार से अधिक लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए विशाल पंडाल का निर्माण अंतिम चरण में है .निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे सड़क मार्ग से दुल्हिनगंज पहुंचेंगे. वे करीब 25 मिनट तक आयोजन स्थल पर रुककर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात करेंगे. बता दें कि उषा कुमारी का निधन बीते 27 दिसंबर को पटना के वेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान हो गया था.
यह भी पढ़ें: गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर DRI की बड़ी कार्रवाई, 8 किलो विदेशी हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ यात्री गिरफ्तार