नमो नारायण मिश्रा/न्यूज11 भारत
गोपालगंज/डेस्क: सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत जिलेभर में वाहन जांच अभियान को तेज कर दिया गया है. इस अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी यानी DTO, सहायक जिला परिवहन पदाधिकारी ADTO और मोटर वाहन निरीक्षक MVI कर रहे हैं. जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त सड़कों पर लगातार वाहन जांच की जा रही है, जहां नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई भी की जा रही है. सड़क सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर गोपालगंज जिला प्रशासन और परिवहन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. जिले के अलग-अलग इलाकों में चल रहे इस विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन कागजात और ओवरलोडिंग की सघन जांच की जा रही है. जांच के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चालकों, नाबालिग चालकों और वैध दस्तावेजों के अभाव में वाहन चलाने वालों पर चालान और जुर्माना लगाया जा रहा है. वहीं, परिवहन विभाग के अधिकारी वाहन चालकों को नियमों की जानकारी भी दे रहे हैं और उन्हें सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित कर रहे हैं. परिवहन पदाधिकारी शशि शेखरम् ने बताया कि “सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत यह वाहन जांच अभियान पूरे जिले में लगातार चलाया जा रहा है.
इसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और आम लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना है.
जो लोग नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, उन पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, जबकि नियमों का पालन करने वालों को जागरूक भी किया जा रहा है. यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा.” परिवहन पदाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि सड़क पर लापरवाही किसी की जान ले सकती है, इसलिए नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य है.
प्रशासन की अपील है कि लोग हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें. बहरहाल, सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत गोपालगंज में चल रहा यह अभियान प्रशासन की गंभीरता को दर्शाता है.
अब देखना यह होगा कि इस सख्ती और जागरूकता अभियान से सड़क दुर्घटनाओं में कितनी कमी आती है.
यह भी पढ़ें: सांसद प्रतिनिधि के औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली उजागह, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी पर भड़के जनप्रतिनिधि