न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार के शहरी विकास को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। आज (शुक्रवार) नगर विकास एवं आवास विभाग (UDHD) और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO) के बीच एक लाख करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्तपोषण संबंधी समझौते (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए। सीएम सम्राट चौधरी की उपस्थिति में संकल्प सभागार में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने एमओयू का आदान-प्रदान किया।
3 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में बसेंगे आधुनिक शहर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वयं भी इसकी जानकारी अपने एक्स हैंडल पर साझा की है। मौके पर सीएम ने कहा कि राज्य में करीब तीन लाख एकड़ से अधिक भूमि पर 12 आधुनिक ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित किए जाएंगे। इन टाउनशिप में विश्वस्तरीय शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि लोगों को बेहतर आवास, आधुनिक आधारभूत संरचना और गुणवत्तापूर्ण जीवन मिल सके। उन्होंने कहा कि यह समझौता (MOU) बिहार के शहरी विकास के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध तरीके से नए शहर विकसित किए जाएंगे।
किसानों को बनाया जाएगा भागीदार
सीएम ने कहा कि टाउनशिप विकास में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लैंड पुलिंग मॉडल अपनाया जाएगा। जो किसान मुआवजा लेने का विकल्प चुनेंगे, उन्हें आवेदन के 30 दिनों के भीतर भुगतान करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखते हुए इस परियोजना को आगे बढ़ाएगी।
कितना है निवेश का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि 12 नई टाउनशिप के विकास के लिए HUDCO के माध्यम से एक लाख करोड़ रुपये का निवेश होगा। साथ ही करीब छह लाख करोड़ का निवेश निजी और संस्थागत क्षेत्रों से आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से राज्य में निर्माण गतिविधियों को तेजी मिलेगी और बड़े पैमाने पर निवेश आएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाखों रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे। निर्माण कार्य, व्यापार, सेवा क्षेत्र और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी इससे बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होंगी टाउनशिप
सरकार के अनुसार प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप में आधुनिक सड़क नेटवर्क, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था, बिजली, हरित क्षेत्र, स्कूल, अस्पताल, व्यावसायिक परिसर और सामाजिक अधोसंरचना जैसी सभी जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इन टाउनशिप को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप स्मार्ट और टिकाऊ शहरी विकास मॉडल के रूप में तैयार किया जाएगा।
35 प्रतिशत शहरीकरण का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार योजनाबद्ध, संतुलित और समावेशी शहरीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। HUDCO के साथ हुआ यह समझौता राज्य को आधुनिक शहरी विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस परियोजना के माध्यम से राज्य 35 प्रतिशत शहरीकरण के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ेगा और बिहार के विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा HUDCO के पदाधिकारी मौजूद रहे।