Wednesday, Jul 2 2025 | Time 03:55 Hrs(IST)
झारखंड


558 करोड़ की सौगात पीएम मोदी ने दी, इसे स्वच्छ और सुंदर रखना नागरिकों की जिम्मेदारी: संजय सेठ

558 करोड़ की सौगात पीएम मोदी ने दी, इसे स्वच्छ और सुंदर रखना नागरिकों की जिम्मेदारी: संजय सेठ

न्यूज11 भारत

रांची/डेस्कः 03 जुलाई को रातू रोड में नवनिर्मित एलिवेटेड कॉरिडोर के लोकार्पण को लेकर रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद  संजय सेठ ने आज अपने केंद्रीय कार्यालय में पत्रकार वार्ता की. इस दौरान रांची के विधायक  सीपी सिंह  और हटिया के विधायक  नवीन जायसवाल भी उपस्थित रहे. 
 
 संजय सेठ ने कहा कि रांची में एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण एक सपना के पूरा होने जैसा है. रातू रोड सहित रांचीवासियों का यह सपना माननीय प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी और परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री  नितिन गडकरी ने पूरा कर दिया है. अब यह रांचीवासियों की जिम्मेदारी है कि इस कॉरिडोर को स्वच्छ और सुंदर बना कर रखें. उन्होंने कार्यकर्ताओं और नागरिकों से अनुरोध किया कि ₹558 करोड़ की लागत से मिले इस सौगात के लोकार्पण के अवसर पर  नितिन गडकरी जी का ऐतिहासिक अभिनंदन करें.  सेठ ने कहा कि ओटीसी ग्राउंड में 11 बजे आयोजित लोकार्पण समारोह और सभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचे. 
 
उन्होंने कहा कि झारखंड में नगर निकायों में बिजली पर पांच फ़ीसदी सरचार्ज का प्रस्ताव तैयार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. झारखंड में तो ऐसा लग रहा है जैसे सरकार नगर निकायों से सिर्फ वसूली की मुहिम चला रही है. एक तरफ नगर निगम ने 39 करोड़ रूपया होल्डिंग टैक्स हासिल कर लिया है और दूसरी तरफ फिर से पांच फ़ीसदी सरचार्ज लेने की तैयारी है.  सेठ ने कहा कि यह समझ से परे है कि आखिर सरकार जनता से सिर्फ वसूली क्यों करना चाहती है? प्रशासनिक अधिकारी कभी इन मुद्दों पर क्यों नहीं सोचते? बरसात की पहली बारिश में ही रांची की जो स्थिति हुई वह पूरे राज्य ने देखा. आज भी रांची के कई मोहल्ले में पानी जमा है. सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं. सड़क सुरंगनुमा हो चुकी है. हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. हर मोहल्ले में पाइप बिछाने के नाम पर गड्ढे खोद दिए गए हैं. नागरिकों को नगर निकाय क्षेत्र के नाम पर कोई सुविधा मयस्सर नहीं कराई जा रही है. राजधानी की इस बदतर स्थिति का जिम्मेदार पूरी तरह से नगर निगम है. इन सब चीजों में सुधार की बजाय सिर्फ वसूली पर ध्यान देना जनता का शोषण है. अविलंब शासन-प्रशासन बिजली सरचार्ज के इस प्रस्ताव को वापस ले. जनहित के कार्यों पर ध्यान लगाए. 
 
इस दौरान विधायक  सीपी सिंह ने कहा कि पाइप लगाने के नाम पर, सिवरेज ड्रेन के नाम पर सड़क को बर्बाद कर दिया गया है. विधानसभा में सवाल उठाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है. वही  नवीन जायसवाल ने कहा कि वर्षों से रातू रोड के लोग जाम से जूझ रहे थे, नितिन गडकरी जी के आशीर्वाद से जाम मुक्त रांची और रातू रोड होगा. राज्य सरकार ने रांची शहर के लोगों को भगवान के भरोसे छोड़ दिया है. नगर निगम नरक निगम में तब्दील हो चुका है. इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष  वरुण साहू ग्रामीण भाजपा जिला अध्यक्ष  धीरज महतो, मांडर से भाजपा प्रत्याशी  सन्नी टोप्पो भी मौजूद रहे.

 

 

 
अधिक खबरें
केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी के गढ़वा जिला आगमन पर कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ की बैठक
जुलाई 01, 2025 | 01 Jul 2025 | 10:25 PM

3 जुलाई को सड़क परिवहन, राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के संभावित गढ़वा जिला आगमन पर कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गढ़वा उपायुक्त दिनेश कुमार यादव द्वारा जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का गढ़वा आगमन के मद्देनज़र जिले में विधि व्यवस्था, चाक-चौबंद एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक कर किये जा रहें आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का गढ़वा आगमन सदर प्रखंड के हूर मोड़ मैदान स्थल पर होगा, जहां से बहु प्रतीक्षित एनएच- 75 पर निर्मित बाईपास सड़क का उद्घाटन किया जाना है. कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था एवं आमजनों की सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, अग्निशमन, चिकित्सा आदि व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया.

भोगनाडीह की घटना को लेकर भाजपा उतरी सड़क पर, फूंका हेमंत सोरेन का पुतला
जुलाई 01, 2025 | 01 Jul 2025 | 10:09 PM

बीते 30 जून, हूल दिवस पर शहीद सिदो–कान्हो के जन्मस्थली भोगनाडीह में सिदो–कान्हो के परिजनों एवं ग्रामवासियों को स्थानीय प्रशासन द्वारा पूजा करने से रोकने एवं उनपर लाठी चार्ज एवं आंसू गैस के गोले छोड़े जाने के विरोध में भाजपा की राज्यव्यापी आंदोलन के तहत आज भाजपा, रांची महानगर जिला के द्वारा महानगर अध्यक्ष वरुण साहू के नेतृत्व में अल्बर्ट एक्का चौक पर हेमंत सोरेन का पुतला फूंका गया. इससे पूर्व पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष वरुण साहू के नेतृत्व में हाथों में पार्टी का झंडा एवं हेमंत सोरेन का पुतला लेकर सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए जिला स्कूल मैदान से जुलूस के रूप ने अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे एवं भोगनाडीह की घटना के विरोध में घंटों प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका.

समाज के लिए एक प्रेरणा हैं चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉक्टर दिव्या सिंह, लगातार 10 वर्षों से रिम्स में दे रहीं हैं सेवा
जुलाई 01, 2025 | 01 Jul 2025 | 9:54 PM

रिम्स की चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉक्टर दिव्या सिंह समाज के लिए एक प्रेरणा हैं. दिव्यांग होने के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और लगातार 10 वर्षों से रिम्स में बतौर डॉक्टर सेवा दे रही हैं. व्हीलचेयर पर होने के बावजूद डॉ. दिव्या अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा और मेहनत से निभा रही हैं.

पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा के स्वास्थ्य की मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ली जानकारी
जुलाई 01, 2025 | 01 Jul 2025 | 9:45 PM

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इलाजरत पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी को निदेश दिया कि इलाजरत पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा को हर जरूरी चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करवाते हुए हुए उन्हें सूचित करें. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने एक्स में माध्यम से कहा कि झारखण्ड सरकार विमल लकड़ा जी के साथ पूरी तरह खड़ी है. उनके परिवार को भरोसा दिलाया कि इलाज में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी.

देशभर में मनाया जा रहा डॉक्टर्स डे, बोले डॉक्टर- मरीजों की सेवा करना ही हमारा धर्म
जुलाई 01, 2025 | 01 Jul 2025 | 9:36 PM

देशभर में डॉक्टर्स डे मनाया जा रहा है. यह दिन डॉक्टरों के समर्पण और सेवा भावना को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है. कोरोना जैसी महामारी हो या रोजमर्रा की बीमारी, डॉक्टर हर मोर्चे पर डटे रहते हैं. इस मौके पर कई अनुभवी डॉक्टरों ने कहा कि मरीजों की सेवा करना ही हमारा धर्म है. समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए डॉक्टर हर चुनौती का सामना करते हैं. उन्होंने कहा कि आज के दिन समाज को भी डॉक्टरों का सम्मान करना चाहिए और उनके योगदान को याद रखना चाहिए.