न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा मेला को लेकर रांची ट्रैफिक पुलिस ने 16 से 25 जुलाई तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है. श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है, जबकि कुछ रास्तों पर वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा.
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, मेले के दौरान 1100 ट्रैफिक जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है. वहीं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए करीब 2000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. ट्रैफिक एसपी ने बताया कि मेला क्षेत्र और आसपास के इलाकों में 25 स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है, ताकि भीड़ और यातायात का बेहतर प्रबंधन किया जा सके.
पार्किंग की व्यवस्था
- बिरसा चौक से मेला आने वाले वाहन शहीद मैदान में पार्क किए जाएंगे.
- तुपुदाना, हटिया और धुर्वा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए प्रभात तारा मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है.
- रिंग रोड की ओर से आने वाले वाहनों के लिए तिरिल मोड़ स्थित हेलिपैड में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी.
यातायात में बदलाव
- रिंग रोड से मेला या शहर की ओर आने वाले भारी एवं हल्के वाहन तिरिल मोड़, नॉर्थ गेट, प्रभात तारा मैदान और शालीमार बाजार होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगे.
- बिरसा चौक से रिंग रोड (सिठियो) जाने वाले वाहनों को सिंह मोड़, चांदनी चौक, धुर्वा गोलचक्कर और वीर कुंवर सिंह चौक के रास्ते भेजा जाएगा.
- धुर्वा से रिंग रोड जाने वाले वाहनों को भी वीर कुंवर सिंह चौक होकर सिठियो रिंग रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा.
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
मेले की अवधि के दौरान तिरिल मोड़ से मौसीबाड़ी गोलचक्कर, शहीद मैदान से मौसीबाड़ी गोलचक्कर तथा प्रभात तारा तीनमुहान से जगन्नाथपुर बाजार तक कार, ऑटो, सवारी वाहन और दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें, ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें और पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें, ताकि रथ यात्रा मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.
यह भी पढ़ें- रांची के जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति का बैंक खाता फ्रीज, PAN के गलत इस्तेमाल पर केनरा बैंक ने की कार्रवाई