अमित दत्ता/न्यूज़11 भारत
बुंडू/डेस्क: झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दशम फॉल में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की गहरे पानी में फंसने से मौत हो गई. यह घटना उस समय हुई जब छह दोस्तों की टोली घूमने के लिए दशम फॉल पहुंची थी. जानकारी के अनुसार, सभी छह मित्र रांची से घूमने निकले थे और देवी मंदिर दर्शन के बाद दशम फॉल पहुंचे. दोपहर के समय सभी नहाने के लिए जंगल के रास्ते से होते हुए फॉल के ऊपरी छोर के आगे निकल गए. वहां वे एक जगह नहाने लगे, इसी बीच बिहार के मधुबनी निवासी रोशन शर्मा (36 वर्ष) का पैर फिसल गया और वह झरने के ऊपर स्थित करीब 10 से 12 फीट गहरी खाई में जा घुसा.
खाई में गिरने के बाद रोशन पानी के तेज बहाव में फंस गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका. उसके दोस्तों ने चीख-पुकार मचाई और स्थानीय लोगों की मदद से बचाने की कोशिश की, लेकिन बहाव इतना तेज था कि कोई सफलता नहीं मिल सकी. कुछ ही देर में रोशन की पानी में डूबने से मौत हो गई.
सूचना मिलते ही दशम फॉल थाना प्रभारी प्रशांत गौरव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी युवक का शव बाहर नहीं निकाला जा सका. थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की पहचान रोशन शर्मा के रूप में हुई है, जो रांची में एक निजी कंपनी में कार्यरत था. रविवार को घूमने के लिए देवड़ी मंदिर होते हुए दशम फॉल पहुंचा था. अब सोमवार को एनडीआरएफ की टीम दशम फॉल पहुंचेगी, जो जलप्रपात के ऊपरी हिस्से में फंसे मृतक के शव को निकालने का प्रयास करेगी.
स्थानीय लोगों के अनुसार, फॉल के ऊपर का इलाका बेहद खतरनाक है. वहां पानी की गहराई और बहाव दोनों ही अत्यधिक तेज रहते हैं, बावजूद इसके कई पर्यटक सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर वहां नहाने चले जाते हैं.प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे निर्धारित सुरक्षा सीमा के भीतर ही रहें और किसी भी परिस्थिति में फॉल के ऊपरी हिस्से या प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें.
यह भी पढ़े: त्रिपुरा में शर्मनाक हरकत: नाना ने अपने ही 14 महीने की नातिन के साथ की दरिंदगी