किशोर कुमार जायसवाल/न्यूज11 भारत
गुमला/डेस्क: लक्ष्मण नगर निवासी 35 वर्षीय शिवशंकर उर्फ बिठला की हत्या के मामले में सदर थाना पुलिस लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है. रहस्यमयी तरीके से गुम होने के पांचवें दिन फसिया पंचायत भवन के पीछे स्थित पुराने कुएं से उसका गला काटकर क्षत-विक्षत शव बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी. रविवार की सुबह हुई शव बरामदगी के बाद से ही पुलिस सक्रिय मोड में है और अब तक आधा दर्जन से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ जारी है. थाना प्रभारी महेंद्र करमाली ने घटनास्थल का एक बार फिर मुआयना किया और तथ्यों की बारीकियों को समझा.तीसरे दिन भी पुलिस ने छानबीन जारी रखी और मोटर चलाकर शव मिलने वाले कुएं का पानी खाली कर तलाशी ली गई. जांच में मृतक का मफलर बरामद हुआ. टीम ने ढोढरी टोली व आसपास के सुनसान इलाकों और खाली घरों में भी कई घंटों तक साक्ष्य तलाशे. साथ ही जिन लोगों से बिठला की दुश्मनी थी, उनके गतिविधियों का रिकॉर्ड भी जुटाया जा रहा है. वहीं तकनीकी सेल की टीम भी सीडीआर, लोकेशन ट्रैकिंग, कॉल डंप और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार कुछ अहम सुराग सामने आए हैं.जिसके आधार पर बड़ा खुलासा जल्दी संभव माना जा रहा है. हिरासत में लिए गए कई लोगों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और इनमें से कुछ ने पहले ही बिठला को जेल से निकलते ही जान से मार देने की धमकी दी थी.
यह भी पढ़ें: नवजात खरीद-फरोख्त मामले में तीन आरोपितों ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण