राहुल कुमार/न्यूज 11भारत
चंदवा/डेस्क: थाना क्षेत्र अंतर्गत चकला एवं आसपास में बिना ग्राम सभा अनुमति के ही ड्रोन सर्वे किए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताया. ग्रामीणों ने बताया कि चितरपुर कोल ब्लॉक क्षेत्र में बिना ग्राम सभा की अनुमति और स्थानीय लोगों को पूर्व सूचना दिए ड्रोन से सर्वे किए जाने के प्रयास किया जा रहा था, जिसका हम लोगो ने विरोध किया. ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर सर्वे कर रही कंपनी के कर्मचारियों को रोक दिया और ड्रोन को अपने कब्जे में ले लिया. ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित कंपनी द्वारा लगातार रैयतों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है. उनका कहना है कि पेशा कानून लागू होने के बावजूद ग्राम सभा की सहमति के बिना इस प्रकार की गतिविधियां की जा रही हैं, जो पूरी तरह से नियमों के विरुद्ध है.ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में कार्यरत कंपनी प्रबंधन मनमानी रवैया अपना रहा है और स्थानीय लोगों को विश्वास में लिए बिना सर्वे और अन्य प्रक्रियाएं आगे बढ़ा रहा है. इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है.
ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों और कंपनी प्रबंधन पर उचित कार्रवाई की जाए. उनका कहना है कि जब तक ग्राम सभा की विधिवत सहमति नहीं होगी, तब तक किसी भी प्रकार का सर्वे या परियोजना कार्य क्षेत्र में नहीं होने दिया जाएगा. इस घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: कोडरमा नगर पंचायत चुनाव: साजिद हुसैन 1195 मतों से विजयी, विकास और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन का दिया भरोसा