राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: चंदवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम रांची–चतरा मुख्य मार्ग पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच युवक घायल हो गए. इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चंदवा में किया गया, जबकि दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, लातेहार रेफर कर दिया गया.
जानकारी के अनुसार पहली घटना सुभाष चौक के पास हुई, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई. हादसे में चीरो निवासी अनोद गंझू, जोबिया निवासी रिकेश उरांव और आशीष उरांव घायल हो गए.
चिकित्सकों के अनुसार अनोद गंझू के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि रिकेश उरांव का दाहिना पैर टूट गया है. स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चंदवा पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, लातेहार रेफर कर दिया गया.
वहीं दूसरी घटना कुजरी के पास हुई, जहां एक अन्य बाइक दुर्घटना में दो युवक घायल हो गए. सूचना मिलते ही चंदवा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया.
लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रहे हैं. तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी ऐसे हादसों का प्रमुख कारण बन रही है. प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने, हेलमेट पहनने और सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: मझगांव में सिर पर डंडे से हमला कर हत्या, दो गिरफ्तार, 26 जून वारदात को दिया था अंजाम