रोहन निषाद/न्यूज11 भारत
चक्रधरपुर/डेस्क: दक्षिण पूर्व रेलवे चक्रधरपुर रेल मंडल के राउरकेला रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के लातेहार और पलामू जिले के दो वांटेड नक्सलियों को गिरफ्तार किया है.दोनों से आरपीएफ पोस्ट में कड़ी पूछताछ की जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड के पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना अंतर्गत देवरा गांव निवासी बृक्स यादव के बेटे अवधेश कुमार (26) और झारखंड के लातेहार जिले के मनिका थाना अंतर्गत मनिका गांव निवासी राधेश्याम यादव के बेटे उपेन्द्र यादव (24) शामिल हैं.दोनों नक्सली संगठनों से जुड़े बताए जा रहे हैं और कई गंभीर मामलों में झारखंड पुलिस को उनकी तलाश थी. आरपीएफ के एएससी ने गिरफ्तारी के बाद राउरकेला एसपी नितेश वाधवानी को सूचित किया.
इसके बाद एसपी के निर्देश पर डीएसपी अमरेंद्र षंढ़ और प्लांट साइट थाना प्रभारी विभत्स कुमार प्रधान आरपीएफ पोस्ट पहुंचे और दोनों से प्रारंभिक पूछताछ शुरू की. वहीं, झारखंड के लातेहार पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई है ताकि वहां चल रहे मामलों पर आगे की कार्रवाई की जा सके.सूत्रों के अनुसार दोनों नक्सली झारखंड से ट्रेन के माध्यम से ओडिशा की ओर भागने की कोशिश में थे. आरपीएफ की सतर्कता और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों को राउरकेला स्टेशन पर ही पकड़ लिया गया. माना जा रहा है कि पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं जो भविष्य में नक्सल विरोधी अभियान के लिए उपयोगी साबित होंगी.
यह भी पढ़ें: धनबाद: बारिश से फिल्टर बेड क्षतिग्रस्त, गंदे पानी की सप्लाई से लोग हुए परेशान