रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
चाईबासा/डेस्क: चाईबासा के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बोदरा चौक के पास 17 जुलाई 2026 को साइकिल में रखा बैग छीनने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
वादिनी ललिता नायक, उम्र 31 वर्ष, पिता दुनिया नायक, ग्राम दिकुबालकांड, थाना कुमारढुंगी के आवेदन पर मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 96/2026, धारा 304 बीएनएस 2023 दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने छापामारी दल का गठन किया. तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने पूर्व में आरोपपत्रित रवि कुमार साव, उम्र 32 वर्ष, पिता सुरेश साव, निवासी न्यू कॉलोनी निमडीह, थाना मुफ्फसिल को पकड़ा. पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया और उसके पास से वादिनी का सैमसंग कंपनी का टैबलेट बरामद हुआ. रवि ने बताया कि बैग में रखा Vivo मोबाइल उसने अपने दोस्त दानु कारवा को बेच दिया था.
इसके बाद दानु कारवा, उम्र 22 वर्ष, पिता स्व. अर्जुन कारवा, निवासी छोटा निमडीह, थाना सदर के पास से छीना गया दूसरा मोबाइल भी बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया. दोनों ने संलिप्तता स्वीकार की है. रवि का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उस पर सदर और मुफ्फसिल थाना में मारपीट, चोरी और लूट के तीन मामले दर्ज हैं. छापामारी दल में एसडीपीओ बहरामन टुटी, थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.