न्यूज़11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बरसोल थाना क्षेत्र के बारासती चौक में सोमवार दोपहर पोल्ट्री फीड से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के बीच पलट गया. हादसे के बाद ट्रक में लदा मुर्गी पालन के लिए उपयोग होने वाला दाना (पोल्ट्री फीड) सड़क पर बिखर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा.
जानकारी के अनुसार ट्रक (WB 25 K 8636) खड़गपुर से जमशेदपुर की ओर जा रहा था. बताया जाता है कि वाहन चलाते समय चालक को नींद की झपकी आ गई. इसी दौरान सामने अचानक एक वाहन आने पर ट्रक अनियंत्रित हो गया. चालक ने वाहन को संभालने की कोशिश की, लेकिन ट्रक सड़क के बीच पलट गया और उसमें लदा पोल्ट्री फीड सड़क पर फैल गया.
घटना की सूचना मिलते ही बरसोल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मी सिकंदर यादव और कुलदीप ठाकुर ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए यातायात को नियंत्रित किया और हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की. कुछ देर की मशक्कत के बाद मार्ग को पूरी तरह सामान्य कर दिया गया.इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. ट्रक चालक खड़गपुर निवासी सुमन दास भी सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई. समय रहते पुलिस की तत्परता से हाईवे पर बड़ा हादसा टल गया.