प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 को सफल बनाने को लेकर बरवाडीह प्रखंड कार्यालय सभागार में बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रशिक्षण सोमवार और मंगलवार को दो बैच में संपन्न हुआ.प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह बरवाडीह बीडीओ रेश्मा रेखा मिंज के नेतृत्व में किया गया.
इस दौरान बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रक्रिया, मतदाता सत्यापन, प्रपत्रों के संधारण एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई.निर्धारित कार्यक्रम के तहत बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 22 और 23 जून को प्रखंड स्तर पर आयोजित किया गया. इसके बाद बीएलए-2 का प्रशिक्षण 24 और 25 जून को तथा स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण 26 और 27 जून को जिला स्तर पर आयोजित किया जाना है.
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने का कार्य करेंगे. बीडीओ रेश्मा रेखा मिंज ने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य को पूरी पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ पूरा करें.उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए सभी कर्मी निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए कार्य करें. प्रशिक्षण में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, संशोधन, दावा एवं आपत्ति प्रक्रिया सहित अन्य बिंदुओं की जानकारी दी गई.मौके पर प्रखंड क्षेत्र के बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षक उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: जीटी रोड पर अनियंत्रित होकर पलटी ऑल्टो कार, पांच घायल; एक बच्चे समेत दो की हालत गंभीर