विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़11 भारत
बरही/डेस्क: चौपारण थाना क्षेत्र के जोकट महुदी में सड़क हादसे ने एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली. महुदी मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 75 वर्षीय सारणी देवी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया GT Road जाम
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर NH-19 (बरही-गया रोड) को जाम कर दिया. लगभग 3 घंटे तक नेशनल हाईवे जाम रहा, जिससे बरही-गया रोड पर लगभग 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई. ग्रामीणों का गुस्सा सड़क निर्माण कंपनी पर भी फूटा. लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं. ग्रामीणों ने ट्रक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
सूचना पर पहुंचे जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अमला
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला और वर्तमान विधायक मनोज कुमार यादव विधायक प्रतिनिधि राजदेव यादव घटनास्थल पर पहुंचे. वहीं प्रशासन की ओर से बरही SDPO राधा प्रेम किशोर, चौपारण CO संजय कुमार यादव, बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, गोरहर थाना प्रभारी सरवन कुमार और बरकट्ठा थाना प्रभारी राम आशीष भगत भी मौके पर पहुंचे.
प्रशासन ने परिजनों को आश्वासन दिया कि सरकारी प्रावधान के तहत जो भी मुआवजा और सरकारी लाभ होगा, वह जरूर दिया जाएगा. इसके बाद प्रशासन द्वारा जाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.