यातायात पुलिस

ब्रेकडाउन वाहनों पर रेडियम लगाकर यातायात पुलिस ने किया सुरक्षित

रात में सड़क हादसों का खतरा कम करने के लिए चलाया गया विशेष अभियान

By : Ark Sahuliyar
ब्रेकडाउन वाहनों पर रेडियम लगाकर यातायात पुलिस ने किया सुरक्षित

संतोष कुमार/न्यूज11 भारत
सरायकेला/डेस्क:
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुख्य सड़कों पर खड़े ब्रेकडाउन एवं खराब वाहनों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया. यातायात थाना प्रभारी राजू के नेतृत्व में अभियान चलाकर सड़क पर खराब हालत में खड़े भारी वाहनों को रेडियम और रिफ्लेक्टिव टेप लगाकर सुरक्षित किया गया.

अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने पाया कि कई ट्रक और भारी वाहन खराब होने के कारण मुख्य सड़क पर ही खड़े रहते हैं. खासकर रात के समय ऐसे वाहनों में पर्याप्त प्रकाश और सिग्नल की व्यवस्था नहीं होने से पीछे या सामने से आने वाले वाहन चालकों को दूर से खड़े वाहन का पता नहीं चल पाता है. इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिन ब्रेकडाउन वाहनों को तत्काल सड़क से हटाना संभव नहीं था, उनके आगे, पीछे और दोनों तरफ रेडियम/रिफ्लेक्टिव टेप लगाया गया. इससे रात में दूर से आने वाले वाहन चालकों को खराब वाहन दिखाई दे सकेगा और वे समय रहते अपनी गति नियंत्रित कर सावधानी बरत सकेंगे.

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहन खराब होने की स्थिति में उसे यथासंभव मुख्य सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें. साथ ही हैजार्ड लाइट, पार्किंग लाइट और रिफ्लेक्टिव संकेतकों का आवश्यक रूप से प्रयोग करें.

यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे. साथ ही मुख्य सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी.