संतोष कुमार/न्यूज11 भारत
चांडिल/डेस्क: चांडिल अनुमंडल अंतर्गत तिरुलडीह थाना पुलिस ने सड़क सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण को लेकर सुवर्णरेखा नदी के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया. थाना प्रभारी कोशल कुमार के नेतृत्व में चले इस अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई. जांच के दौरान पुलिस ने वाहनों के ड्राइविंग लाइसेंस, पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी), हेलमेट एवं सीट बेल्ट समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया.
थाना प्रभारी कोशल कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा आम लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट, बिना वैध दस्तावेज अथवा नियमों की अनदेखी कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, दोपहिया वाहन पर हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें. तिरुलडीह थाना क्षेत्र में इस तरह का सघन वाहन जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा.