न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से राजधानी रांची में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं. इसी क्रम में गुरुवार को शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस सायरनों की गूंज से पूरा शहर सुरक्षा व्यवस्था का संदेश देता नजर आया. मार्च का नेतृत्व सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी और एसडीएम ने किया. प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वज्र वाहन, रैपिड एक्शन फोर्स, जैप और जिला बल के जवान भी शामिल रहे.
फ्लैग मार्च के दौरान मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले मातमी जुलूसों के निर्धारित मार्गों का भी सत्यापन किया गया. प्रशासन ने जानकारी दी कि 26 जून को शिया समुदाय का मातमी जुलूस निकलेगा, जबकि 27 जून को मुख्य जुलूस का आयोजन किया जाएगा. जुलूसों को लेकर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन की सूचना भी जारी कर दी गई है. प्रशासन ने आम लोगों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फ्लैग मार्च के माध्यम से असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया गया है. यदि किसी ने आपसी सौहार्द बिगाड़ने या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एक हजार से अधिक अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी. इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके.
यह भी पढ़ें- 28 से 30 जून तक चलेगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 61.26 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक