ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत
चंदनकियारी/डेस्क: चंदनकियारी सीएचसी के पीछे झाड़ियों के बीच सोमवार सुबह एक 55 वर्षीया महिला का अर्धनग्न व जला हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों की सूचना पर चंदनकियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. मृतका के कपड़ों और आसपास की झाड़ियों में आग की राख जमी हुई थी, वहीं चेहरा पूरी तरह झुलसा हुआ पाया गया, जिससे पहचान मिटाने की साजिश की आशंका जताई जा रही है.
- सिटी थाना क्षेत्र की गुमशुदा महिला के रूप में हुई पहचान
शव की पहचान विगत 20 जनवरी से सिटी थाना क्षेत्र की निवासी के रूप में हुई. मृतका के पुत्र ने शव के कपड़ों, हाथ में पहनी शंखा और मुंह में लगे नकली दांतों के सेट से अपनी मां की पहचान की. उसने बताया कि उनकी मां 20 जनवरी की सुबह करीब छह बजे घर से निकली थीं, जिसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला था और सिटी थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी.
- सीसीटीवी में आखिरी बार चास से चंदनकियारी जाते दिखीं
पुलिस जांच में सामने आया कि 20 जनवरी की सुबह मृतका चास में एक टोटो से उतरती दिखीं और इसके बाद चंदनकियारी के ब्लॉक रोड स्थित सीएचसी के पास पेट्रोल पंप के सीसीटीवी में सुबह साढ़े नौ बजे बंगाल की ओर पैदल जाती हुई नजर आई थीं. इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला.
- मायके जाने के दौरान लापता, दो सप्ताह बाद मिला शव
मृतका का मायका पश्चिम बंगाल में है, जो घटनास्थल से मात्र दो-तीन किलोमीटर की दूरी पर है. आशंका जताई जा रही है कि वह बिना बताए मायके जाने के लिए निकली थीं और वहां पहुंचने से कुछ ही दूरी पहले किसी अनहोनी का शिकार हो गईं. लगभग दो सप्ताह बाद उनका शव झाड़ियों में बरामद हुआ.
- एसपी का बड़ा बयान: दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
घटनास्थल पर पहुंचे बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया शव की अर्धनग्न अवस्था यह संकेत देती है कि हत्या से पहले दुष्कर्म हुआ हो सकता है. शव को जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश भी साफ नजर आती है. एसपी ने कहा, “अपराधी चाहे कितने भी शातिर हों, जल्द ही गिरफ्त में होंगे और मामले का खुलासा किया जाएगा.”
- एक संदिग्ध हिरासत में, एफएसएल और श्वान दस्ता जांच में जुटा
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं. वहीं श्वान दस्ते ने पास के एक गांव निवासी व्यक्ति को चिन्हित किया, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
- मौके पर पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद
घटनास्थल पर एसपी हरविंदर सिंह के अलावा पुलिस निरीक्षक मुकेश पांडेय, चंदनकियारी थाना प्रभारी अमित राय, भोजुडीह ओपी प्रभारी कुंदन कुमार, बरमसिया ओपी प्रभारी शैलेंद्र पासवान समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.
यह मामला न सिर्फ क्षेत्र बल्कि पूरे जिले को झकझोर देने वाला है. पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हैं और जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश होने की उम्मीद जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें: देश सेवा कर 22वर्षों बाद सेवानिवृत्त होकर वापस गांव लौटने पर आर्मी जवान बलदेव उरांव का हुआ भव्य स्वागत