न्यूज11 भारत
बिरनी/डेस्क: बिरनी प्रखण्ड के मनिकडीहा पंचायत अंतर्गत मंडरखा गांव में प्रशासन ने विवादित जमीन पर खड़ी धान की फसल को डाक लगाकर नीलाम करवाया. इस दौरान जिला पुलिस बल एवं भरकट्टा ओपी पुलिस की मौजूदगी रहे, जबकि राजस्व उप निरीक्षक गोपाल रजक को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था.
जानकारी के अनुसार विवादित भूमि खाता संख्या 09, प्लॉट 187 (रकवा 34 डी), खाता संख्या 26, प्लॉट 561 (रकवा 6 डी), खाता संख्या 25, प्लॉट 162 (रकवा 13 डी), खाता संख्या 25, प्लॉट 565 (रकवा 20 डी) तथा खाता संख्या 25, प्लॉट 566 (रकवा 23 डी) पर लगी धान की फसल की नीलामी की गई. गांव के ही दीपू वर्मा ने 6600 रुपये की सर्वाधिक बोली लगाकर फसल को खरीद लिया.
बताया गया कि यह जमीन वर्षों से विवादित है, इसके बावजूद एक पक्ष द्वारा उस पर धान की फसल बोई गई थी. उक्त जमीन पर धारा 164 और 165(आई) लागू है. प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में नीलामी की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई.
यह भी पढ़ें: कुकड़ु प्रखण्ड के समीप अवैध बालू परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने लगाया अस्थायी चेकनाका