ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत
चंदनकियारी/डेस्क: चंदनकियारी प्रखंड के शिउबाबुडीह पंचायत अंतर्गत झरना स्थित श्री बाबा रामदास सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि मुकेश कुमार रजक, बिस सूत्री उपाध्यक्ष देवाशीष मंडल एवं मुखिया राजेश ठाकुर उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य विमान चंद्र चटर्जी द्वारा किया गया.
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मुख्य अतिथियों का फूल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया. इसके बाद विद्यालय परिसर में खेलकूद एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने फुटबॉल, क्रिकेट, साइकिल रेस, जलेबी रेस, सुई-धागा प्रतियोगिता सहित कई आकर्षक खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
इस अवसर पर मुख्य अतिथियों को विद्यालय के कक्षाओं का अवलोकन भी कराया गया. बच्चों ने मोबाइल रिपेयरिंग, रोबोटिक्स, स्मार्ट क्लास सहित कई आधुनिक शिक्षण गतिविधियों की जानकारी उत्साहपूर्वक प्रस्तुत की, जिसे देखकर अतिथि काफी प्रभावित हुए.विधायक प्रतिनिधि मुकेश कुमार रजक ने कहा कि यह विद्यालय एक आश्रम द्वारा शुरू किया गया एक प्रेरणादायक प्रयास है. उन्होंने बताया कि यहां दी जा रही शिक्षा आसपास के कई विद्यालयों से अलग और बेहतर है. बच्चों की प्रतिभा और उत्सुकता को देखते हुए उन्होंने विद्यालय में आधुनिक संसाधनों की आवश्यकता पर बल दिया तथा हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया, ताकि बच्चे शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़कर क्षेत्र और देश का नाम रोशन कर सकें.
बिस सूत्री उपाध्यक्ष देवाशीष मंडल ने कहा कि यह आश्रम पहले पेड़ के नीचे बच्चों को पढ़ाकर शुरू हुआ था और आज एक विकसित विद्यालय भवन के रूप में खड़ा है. उन्होंने कहा कि विद्यालय में उपलब्ध आधुनिक शिक्षण सामग्री कई सरकारी स्कूलों से भी बेहतर है. उन्होंने सरकार व अन्य संस्थानों से विद्यालय को और अधिक सहयोग देने की अपील की और हर समय साथ रहने का आश्वासन दिया.
वहीं मुखिया राजेश ठाकुर ने अपने समापन भाषण में कहा कि विद्यालय के लिए पानी की व्यवस्था कराई गई है और आगे जनप्रतिनिधियों की निधि से विद्यालय के विकास, सौंदर्यीकरण और विद्यार्थियों के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा.
अंत में प्रधानाचार्य विमान चंद्र चटर्जी ने कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथियों, अभिभावकों एवं सभी सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विद्यालय के निरंतर विकास के लिए सहयोग की अपील की.
यह भी पढ़ें: देवघर में 'मेरा युवा भारत' अंतर-जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम 2025–26 का शुभारंभ, 37 युवाओं ने लिया हिस्सा