संतोष कुमार/न्यूज11 भारत
चांडिल/डेस्क: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के कुकडू प्रखंड अंतर्गत पीएम श्री प्लस टू उत्क्रमित उच्च विद्यालय ईचाडीह में शुक्रवार को शिक्षक आश्रन अली अंसारी के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया. 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद वे 32 वर्षों की शैक्षणिक सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हुए. अपने सेवाकाल में उन्होंने नीमडीह प्रखंड के मध्य विद्यालय अंडाहुटू, कुकडू प्रखंड के मध्य विद्यालय पांड्रा तथा पीएम श्री प्लस टू उत्क्रमित उच्च विद्यालय ईचाडीह में अपनी सेवाएं दीं. वे विशेष रूप से कक्षा छह से आठ तक भौतिक विज्ञान एवं सामान्य विज्ञान के कुशल शिक्षक के रूप में जाने जाते थे. उनकी सरल शिक्षण शैली और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण की सभी ने सराहना की.
समारोह में शिक्षकों और वक्ताओं ने कहा कि आश्रन अली अंसारी ने शिक्षा के क्षेत्र में अनुशासन, समर्पण और गुणवत्ता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया. उनके मार्गदर्शन में पढ़े अनेक छात्र आज विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं. समारोह के दौरान छात्रों एवं शिक्षकों नें उन्हें शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया. वहीं छात्रों ने भावुक होकर अपने प्रिय शिक्षक को विदाई दी और उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की. इस अवसर पर ग्राम प्रधान रघुवर कुमार, वार्ड सदस्य सानू कुमार, एसएमसी के पूर्व अध्यक्ष सदानंद कुमार, एसएमसी अध्यक्ष भाग्यवती महतो, वरीय शिक्षक कर्णवीर कुमार, मानिक बनर्जी, गणेश कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे.