अम्बर कलश तिवारी/न्यूज11 भारत
धनबाद/डेस्क : आजसू के मिलन समारोह में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा. आजसू अध्यक्ष ने कहा कि गुरुजी ने धनबाद में उसूलों के आधार पर पार्टी खड़ी की लेकिन आज वही पार्टी वसूली की पार्टी बनकर रह गई है. झारखंड में रोज नए घोटाले का खुलासा होता है. बाहर में राज्य की यही पहचान बनकर रह गई है.
सोमवार को न्यू टाउनहॉल में आयोजित पार्टी के मिलन समारोह में दूसरे दलों को छोड़कर आए नेताओं को माला पहनाकर आजसू की सदस्यता दिलाई.
सुदेश महतो ने कहा कि गुरुजी शराबबंदी के पक्षधर थे, आज हेमंत सरकार उनके निधन के एक महीने के अंदर शराब का ठेका शुरू करने के लिए परेशान थी. सुदेश ने कहा कि सरकार जिन मुद्दों को लेकर चुनाव जीतकर पहुंची थी, धीरे-धीरे उसे ही बंद करती जा रही है. चुनाव से पहले मईया सम्मान योजना के लिए कुछ और नियम थे और चुनाव जीतने के बाद कुछ और नियम हो गए. आज राज्य में 18 लाख महिलाओं का नाम काट दिया गया. क्या हेमंत सोरेन मंच से आकर इसका जवाब दे पाएंगे कि आखिर इन महिलाओं का नाम क्यूं काटे गए. उन्होंने कहा कि सीओ-बीडीओ तक पर सरकार का नियंत्रण नहीं है. ब्लॉक का कर्मचारी म्यूटेशन करने का रिश्वत तय करता है. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मंटू महतो ने की. मौके पर पूर्व विधायक लंबोदर महतो, महासचिव प्रवीण प्रभाकर, विनय कुमार सिंह, राधेश्याम गोस्वामी, संजीव सिंह, वाणी देवी, जिप उपाध्यक्ष सरिता देवी, कुल्लू चौधरी, हीरालाल महतो समेत अन्य थे.
धनबाद की धरती से उलगुलान करेगी आजसू
आजसू अध्यक्ष ने कहा कि धनबाद की धरती से शोषित विस्थापितों की लड़ाई शिबू सोरेन, बिनोद बिहारी महतो और एके राय ने मिलकर शुरू की. उसके बाद से कोयलांचल में कोई नेतृत्व निकलकर नहीं आया. उन्होंने कहा कि त्यौहार के बाद धनबाद की धरती से शोषित पीड़ितों की लड़ाई शुरू होगी.
कोयले में दबकर मर रहे लोग, धनबाद के जनप्रतिनिधि खामोश
सुदेश महतो ने कहा कि धनबाद में जान सस्ती है. चाल धंसने पर लोग मर रहे हैं और उन्हें वहीं छोड़ दिया जाता है. उन्होंने कहा कि यहां लोग मर रहे हैं लेकिन यहां के जनप्रतिधियों के मुंह से आह तक नहीं निकलती है. यहां वर्षों से झरिया जल रही है लेकिन लोगों का धंधा चल रहा है. बीसीसीएल इसके लिए जिम्मेवार है. धनबाद सबसे अधिक राजस्व देता है लेकिन यहां सुविधा के नाम पर कुछ नहीं है. यहां लोग प्रदूषण झेलकर बीमार हो रहे हैं. धनबाद में मैथन डैम है लेकिन यहां के लोग गर्मी में पानी के लिए तरस रहे हैं.
यह भी पढ़ें: सीपीआरएमएस–एनईबीओटी के सदस्य ओम कुमार सिंह ने किया राजमहल के ऊर्जानगर अस्पताल का क्षेत्र भ्रमण