विकास कुमार/न्यूज़ 11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: पलामू जिला के हुसैनाबाद प्रखंड क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. शहरी और ग्रामीण इलाकों में लोग दहशत के माहौल में जीने को मजबूर हैं.बीते 9 दिनों के भीतर महिला, पुरुष और बच्चों समेत कुल 39 लोगों को आवारा कुत्तों ने काट कर जख़्मी कर दिया है. सभी जख़्मी घायल लोगों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में किया गया है. घटना के बाद से हुसैनाबाद प्रखंड क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों क़ो चिन्हित कर जल्द नकेल कसने की मांग की है. लोगों का कहना है कि आवारा कुत्ते सड़कों पर खुलेआम घूमते रहते हैं और कब किस पर हमला कर दें, इसका कोई भरोसा नहीं है. विशेष रूप से रात्रि के समय जपला–छतरपुर मुख्य सड़क, हुसैनाबाद मुख्य बाजार सहित अन्य ग्रामीण इलाकों में कुत्ते दो चार की संख्या मे झुंड मे रहते हैं, जो आने-जाने वाले वाहनों और राहगीरों पर झपटते हैं.
बताया जा रहा है कि रात्रि में जपला रेलवे स्टेशन से घर लौटने वाले यात्रियों पर कई बार आवारा कुत्तों द्वारा झपटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. ऐसे में आम लोगों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं, कुत्तो के काटने से उदय साव, सुरेश मेहता, सुदर्शन पासवान, आसमा खातून, छोटू प्रजापति, शाहिद आलम, नागेंद्र कुमार, आकृति कुमारी, विराट सिंह, प्रकाश पासवान,शिवम् कुमार, अंकित कुमार, हिमांशु कुमार, पनपतीया देवी, अदिति कुमारी, आयुष कुमार, सबनीता कुमारी, सैयद ईशान सहित 39 लोग बीते 9 दिनों मे जख़्मी हो गए, जिनका इलाज अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद मे किया गया है, कुत्तो का आतंक हुसैनाबाद क्षेत्र के लिए समस्या बनती जा रही है, प्रशासन रोकथाम के लिए जल्द कदम नहीं उठाती है तो और भी स्थिति ख़राब हो जाने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: नगरपालिका आम निर्वाचन के सफल संचालन को लेकर माइक्रो ऑब्जर्वर का प्रशिक्षण आयोजित