न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है, जहां अधिकतम तापमान कई जिलों में 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा हैं. तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है, जबकि रातें भी अब राहत देने के बजाय उमस से परेशान कर रही हैं. मौसम विभाग (IMD) ने राज्य में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है और आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, 24 अप्रैल को झारखंड के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा और दिनभर तेज धूप का असर देखने को मिलेगा. कुछ इलाकों में हल्की बारिश जरूर हुई है, लेकिन यह राहत सीमित रही है और गर्मी का प्रभाव लगातार बना हुआ हैं. बुधवार को राज्य के कई जिलों में तापमान ने रिकॉर्ड स्तर छू लिया. पलामू में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से काफी अधिक हैं. वहीं राजधानी रांची में तापमान लगभग 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन उमस के कारण लोगों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ी. दूसरी ओर गुमला में न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां रातें अपेक्षाकृत ठंडी रही.
राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम ने अचानक बदलाव भी दिखाया. रांची, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिम सिंहभूम जिलों में हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही से तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली. खासकर सिमडेगा में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा. IMD ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में गर्मी और तेज हो सकती हैं. राज्य के पलामू, गढ़वा, चतरा और पूर्वी सिंहभूम जैसे जिलों में भीषण गर्मी की स्थिति बनी रहेगी, जहां तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता हैं. वहीं न्यूनतम तापमान 23 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, 24 अप्रैल के बाद सप्ताह के मध्य में मौसम बदल सकता है और कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना हैं. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है और बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है, खासकर देवघर, दुमका और पाकुड़ जैसे उत्तरी-पूर्वी जिलों में. फिलहाल झारखंड में गर्मी और उमस का असर लगातार बना हुआ है और आने वाले कुछ दिन लोगों के लिए और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं.
यह भी पढ़े: रांची के कांके में नदी से अज्ञात शव बरामद, हत्या की आशंका... जांच में जुटी पुलिस