काशिफ अख्तर/न्यूज 11 भारत
कोडरमा//डेस्क: कोडरमा नगर पंचायत के सभी सम्मानित नागरिकों को नवरात्र, चैती छठ, रामनवमी, गुड फ्राइडे एवं अम्बेडकर जयंती की अग्रिम हार्दिक शुभकामनाएं.
हम कोडरमा नगर पंचायत की कार्यशैली में दिन-प्रतिदिन सुधार के लिए प्रतिबद्ध हैं. सभी जनप्रतिनिधि नगर के विकास हेतु निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं. नगर में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, फॉगिंग, चापाकल की मरम्मत सहित अन्य आवश्यक सेवाओं में निरंतर सुधार किया जा रहा है.
नगर पंचायत की योजनाओं एवं विकास कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए राजस्व संग्रह अत्यंत आवश्यक है. नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड सरकार द्वारा नगर के विकास हेतु राशि उपलब्ध कराई जाती है, जिसके लिए विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति अनिवार्य होती है. इस लक्ष्य में होल्डिंग टैक्स की वसूली भी शामिल है.
यदि निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति नहीं होती है, तो नगर के विकास के लिए मिलने वाली करोड़ों रुपये की राशि से वंचित होना पड़ सकता है. वर्तमान में होल्डिंग टैक्स वसूली में कुछ कमी देखी गई है, जिसे पूरा करना अत्यंत आवश्यक है.
अतः सभी सम्मानित नागरिकों से विनम्र अपील है कि चालू वित्तीय वर्ष की समाप्ति 31 मार्च 2026 से पूर्व अपना बकाया होल्डिंग टैक्स अवश्य जमा करें. 31 मार्च 2026 के बाद टैक्स जमा करने पर नियमानुसार 12% अतिरिक्त ब्याज देय होगा, जिससे आप पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़ेगा.
जहां तक टैक्स दरों में संशोधन का प्रश्न है, इस संबंध में हमारी टीम माननीय मंत्री एवं मुख्यमंत्री से शीघ्र ही मुलाकात कर राहत दिलाने का प्रयास करेगी. हालांकि, यह एक लंबी प्रक्रिया है और अगले 7-8 दिनों में इसमें बदलाव संभव नहीं है.
इसलिए आप सभी से पुनः आग्रह है कि भविष्य के जुर्माने से बचने के लिए वर्तमान में ही अपना टैक्स समय पर जमा करें, ताकि केंद्रांश एवं राज्यांश की राशि नगर को पूर्ण रूप से प्राप्त हो सके और कोडरमा नगर पंचायत का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके.
होल्डिंग टैक्स संग्रहण कार्य में लगी एजेंसी को सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य करने का निर्देश दिया गया है. टैक्स वसूली में किसी भी प्रकार की देरी नगर के विकास को प्रभावित करेगी.
अध्यक्ष ने एजेंसी को निर्देश दिया है कि बकाया टैक्स की वसूली में तेजी लाएं तथा जिन होल्डिंग का टैक्स लंबे समय से बकाया है, उनसे संपर्क कर समय पर भुगतान के लिए प्रेरित करें. साथ ही, टैक्स संग्रहण में लगे कर्मियों को यह निर्देश दिया गया है कि वे सभी नागरिकों से विनम्रता के साथ व्यवहार करें और सहयोगात्मक तरीके से टैक्स जमा कराने का अनुरोध करें.
यह भी पढ़ें: लोडेड देशी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार, बालूमाथ पुलिस ने भेजा जेल