राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: चंदवा थाना क्षेत्र के बोदा पंचायत अंतर्गत चोरी गांव से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. घरेलू विवाद में बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की हत्या कर शव को नाले में दफना दिया. घटना के 21 दिन बाद लगातार बारिश से नाले की मिट्टी कटने पर नरकंकाल बाहर आ गया. कुत्तों द्वारा शव के अवशेष नोचने के बाद ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
मृतक की पहचान दयाल टोपनो (40 वर्ष), पिता जोसेफ टोपनो के रूप में हुई है. प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, 1 जुलाई को घरेलू विवाद के दौरान बड़े भाई पासकल टोपनो ने सबल से वार कर दयाल टोपनो की हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने देर रात साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को गांव के समीप स्थित नाले में दफना दिया.
लगातार हो रही बारिश के कारण नाले की मिट्टी का कटाव हुआ, जिससे करीब 21 दिन बाद शव का नरकंकाल बाहर आ गया. कुत्तों द्वारा शव के अवशेष नोचे जाने पर ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद तत्काल चंदवा थाना पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही चंदवा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव के अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पासकल टोपनो को हिरासत में लिया. इस मामले में चंदवा थाना कांड संख्या 142/26 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेज दिया गया. वहीं शव के अवशेषों को पोस्टमार्टम एवं अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए भेजा गया है.
बुधवार शाम एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता स्वयं घटनास्थल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मामले की हर पहलू से जांच करने तथा वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने का निर्देश दिया.
यह भी पढ़ें: डीवीसी उच्च विद्यालय बोकारो थर्मल में गुप्त नवरात्रि के अवसर पर किया गया पॉक्सो जागरूकता शिविर का आयोजन