विकास कुमार/न्यूज 11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: निरीक्षक प्रभारी जपला के निर्देशानुसार रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट जपला के अधिकारियों एवं स्टाफ द्वारा जपला रेलवे स्टेशन परिसर में गुरुवार क़ो सुबह 08:30 बजे से 10:30 बजे तक यात्रियों के बीच व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित एवं नियमबद्ध यात्रा के प्रति जागरूक करना था. इस दौरान यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर ट्रेन रुकने के बाद ही सुरक्षित रूप से चढ़ने और उतरने की सलाह दी गई. महिला, दिव्यांग एवं आरक्षित कोच में अनधिकृत रूप से यात्रा नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया.
आरपीएफ टीम ने ट्रेन में पत्थरबाजी नहीं करने, ट्रेन या ट्रैक पर खड़े होकर सेल्फी नहीं लेने तथा बिना उचित कारण चेन पुलिंग (एसीपी) नहीं करने की हिदायत दी. साथ ही ट्रेन की छत, पायदान या दरवाजे पर खड़े होकर यात्रा नहीं करने और ज्वलनशील पदार्थ लेकर ट्रेन में सफर नहीं करने के प्रति सचेत किया गया.यात्रियों को जहरखुरानी की घटनाओं से बचाव के लिए अजनबियों से अनावश्यक मेलजोल नहीं बढ़ाने तथा किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा दिए गए खाद्य या पेय पदार्थ का सेवन नहीं करने की सलाह दी गई. इसके अतिरिक्त रेल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, रेल फाटक पार करते समय सावधानी बरतने तथा यात्रा के दौरान पर्स, मोबाइल और अन्य कीमती सामानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई. किसी भी प्रकार की समस्या होने पर रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने की अपील भी की गई. आरपीएफ द्वारा चलाए गए इस अभियान को यात्रियों ने सराहा. कार्यक्रम से संबंधित छायाचित्र भी संलग्न हैं.
यह भी पढ़ें: हुसैनाबाद: जनसंपर्क अभियान के तहत उषा देवी ने लोगों से किया संवाद