न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में मॉनसून की विदाई के बाद मौसम खुशनुमा बना हुआ है, जिसका लोग भरपूर आनंद ले रहे हैं. सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही तेज है और दिवाली को लेकर भी बाजार में काफी चहल-पहल है. पिछले 24 घंटों में झारखंड की राजधानी रांची सहित अन्य जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई.
आज झारखंड की राजधानी रांची के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है. हालांकि, मौसम में इस बदलाव के कारण बारिश होने की कोई संभावना नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति अगले 5 दिनों तक बनी रहेगी.
मौसम में यह परिवर्तन पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र और उससे सटे झारखंड में बने एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से हुआ है. इसके असर से राज्य के दक्षिणी भागों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. रांची मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक ने जानकारी दी कि गुरुवार को दिन में 3:00 बजे के बाद मौसम साफ हो जाएगा और शाम का सूर्यास्त काफी स्पष्ट दिखाई देगा. उन्होंने यह भी बताया कि अब गुलाबी ठंड की शुरुआत हो चुकी है और शाम 6:00 बजे के बाद ठंडी हवा चलेगी. इसलिए लोगों को इस हल्की ठंड को नजरअंदाज न करने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़े: उत्तराखंड: सीएम धामी की सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासियों को बड़ी सौगात, बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट काउंसिल के गठन का ऐलान