न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में होल्डिंग टैक्स वसूली को लेकर सख्ती बढ़ा दी हैं. साल खत्म होने में अब केवल साढ़े चार महीने बचे हैं, जबकि अभी तक निर्धारित लक्ष्य का बड़ा हिस्सा बाकी हैं. निगम के मुताबिक इस बार होल्डिंग टैक्स से 98 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य रखा गया है, परंतु अब तक केवल 62 करोड़ रुपये ही जमा हो पाए हैं.
बड़े बकायेदारों पर कसा शिकंजा
निगम ने होल्डिंग टैक्स के 10 लाख रुपये से अधिक बकाया वाले 500 बड़े करदाताओं की सूची तैयार की हैं. इन सभी को बकाया चुकाने के लिए नोटिस भेज दिया गया हैं. इसके अलावा जिन पर 10 लाख रुपये से कम बकाया है, उन्हें भी नोटिस जारी कर भुगतान के लिए अंतिम चेतावनी दी जा रही हैं. ईस्टर्न सर्कल (बहूबाजार) और वेस्टर्न सर्कल (अपर बाजार) के करीब 989 दुकानदारों पर भी भारी बकाया हैं. बाजार शाखा ने इन व्यापारियों को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द बकाया चुकाने का निर्देश दिया हैं.
अपर प्रशासक के निर्देश
निगम के अपर प्रशासक ने सभी सर्कलों को कड़े निर्देश देते हुए कहा है कि बड़े बकायेदारों को अंतिम नोटिस भेजा जाएगा. इसके अलावा निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी करें. बिना ट्रेड लाइसेंस वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाएं. इसके अलावा नए होल्डिंग और री-असेसमेंट की प्रक्रिया में तेजी लाएं.
पिछले साल की तुलना में धीमी रफ्तार
वित्तीय वर्ष 2024-25 में रांची नगर निगम ने होल्डिंग टैक्स से 80.64 करोड़ रुपये की वसूली की थी. खास बात यह रही कि अंतिम दिन यानी 31 मार्च 2025 को ही 91.45 लाख रुपये जमा हुए थे.
पिछले वित्तीय वर्ष की विस्तृत वसूली:
कुल करदाता: 1,67,372
कुल वसूली: 80,64,37,113 रूपए
ऑनलाइन भुगतान: 17,05,79,093 रूपए
निगम और डोरंडा अंचल में जमा: 5,38,72,014 रूपए
53 वार्डों में टैक्स कलेक्टरों की वसूली: 41,81,40,029 रूपए
जल कर से आय: 12,02,91,970 रूपए
ट्रेड लाइसेंस से वसूली: 2,16,38,840 रूपए (18,370 आवेदक)
यह भी पढ़े: यात्रीगण कृपया ध्यान दें! रांची स्टेशन पर 10 से 11 ट्रेनें रद्द, देखें पूरी लिस्ट