गढ़वा

गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय 30 सितंबर को होंगे सेवानिवृत्त

राजेश कुमार संभालेंगे कांडी बीडीओ एवं सीओ का अतिरिक्त प्रभार, SIR कार्य की प्राथमिकता के बीच जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश

By : Ark Sahuliyar
गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय 30 सितंबर को होंगे सेवानिवृत्त

अरुण कुमार यादव/न्यूज़11 भारत 
गढ़वा/डेस्क:
गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड एवं अंचल प्रशासन में 30 सितंबर से महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहा है. कांडी के अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय अपनी सरकारी सेवा पूरी कर 30 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त होंगे. उनकी सेवानिवृत्ति के बाद प्रशासनिक कार्यों में निरंतरता बनाए रखने तथा वर्तमान में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य की प्राथमिकता को देखते हुए कार्यपालक दंडाधिकारी सदर गढ़वा राजेश कुमार को कांडी के बीडीओ एवं सीओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. इस संबंध में समाहरणालय, गढ़वा की जिला स्थापना शाखा की ओर से 29 सितंबर 2026 को आदेश जारी किया गया है.

जारी आदेश के अनुसार राकेश सहाय वार्द्धक्य आयु पूर्ण करने के फलस्वरूप 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं. कार्यहित एवं वर्तमान SIR कार्य की प्राथमिकता को ध्यान में रखते हुए कार्यपालक दंडाधिकारी सदर गढ़वा राजेश कुमार को उनके वर्तमान दायित्वों के अतिरिक्त कांडी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी का प्रभार ग्रहण करने के लिए अधिकृत किया गया है. वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय को अविलंब प्रभार सौंपकर प्रभारोपरांत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. राकेश सहाय का कांडी में कार्यकाल प्रशासनिक जिम्मेदारियों के निर्वहन के साथ-साथ आम लोगों से जुड़े मामलों में सक्रियता के लिए भी याद किया जाएगा. प्रखंड एवं अंचल कार्यालय से संबंधित कार्यों के निष्पादन के साथ ग्रामीणों की समस्याओं को सुनना, संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई करना तथा विकास एवं प्रशासनिक कार्यों में समन्वय बनाए रखना उनके कार्यकाल का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा.

विभिन्न प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्यों के बीच उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया. वर्तमान समय में कांडी प्रखंड में SIR से संबंधित कार्य प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है. ऐसे में बीडीओ एवं सीओ के पद की जिम्मेदारी प्रभावित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की है. राजेश कुमार के अतिरिक्त प्रभार संभालने के बाद प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के नियमित कार्यों के साथ SIR सहित अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक गतिविधियों को निरंतर संचालित करने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी. इधर, राकेश सहाय के सेवानिवृत्त होने की खबर के बाद प्रखंड कर्मियों एवं क्षेत्र के लोगों के बीच उनके कार्यकाल को लेकर चर्चा है. सरकारी सेवा का एक महत्वपूर्ण अध्याय पूरा कर 30 सितंबर को वे प्रशासनिक जिम्मेदारियों से मुक्त होंगे, जबकि इसके साथ ही कांडी में प्रशासनिक व्यवस्था एक नए चरण में प्रवेश करेगी. राजेश कुमार के अतिरिक्त प्रभार संभालने के साथ अब क्षेत्रवासियों की निगाहें SIR कार्य समेत प्रखंड एवं अंचल से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्यों के सुचारू संचालन पर रहेंगी.