प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय स्थित ब्लॉक कार्यालय एवं थाना गेट के ठीक सामने संचालित APS Zone पोल्ट्री फार्म, अंडा दुकान एवं कटिंग सेंटर एक बार फिर विवादों में आ गया है. मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में ग्रामीणों ने उपायुक्त संदीप कुमार को आवेदन सौंपकर उक्त प्रतिष्ठान को तत्काल हटाने की मांग की. शिकायत मिलते ही उपायुक्त ने मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
ग्रामीणों ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि पोल्ट्री फार्म से उठने वाली तेज दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है. ब्लॉक कार्यालय, थाना, बस स्टैंड और घनी आबादी के बीच संचालित इस प्रतिष्ठान से प्रतिदिन सरकारी अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चे, राहगीर और स्थानीय निवासी परेशान हो रहे हैं. लोगों का कहना है कि दुर्गंध के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहती है, वहीं बाइक सवारों को नाक ढंककर गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की संभावना भी बढ़ जाती है.ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पूर्व में तत्कालीन अंचलाधिकारी मनोज कुमार के कार्यकाल में शिकायत के बाद इस प्रतिष्ठान पर कार्रवाई करते हुए इसे बंद कराया गया था. हालांकि कुछ समय बाद यह दोबारा संचालित होने लगा, जिससे एक बार फिर लोगों में आक्रोश व्याप्त है.जनता दरबार में दिए गए आवेदन पर सरिता देवी, संगीता देवी, यशोदा देवी, उषा कुमारी देवी, जानकी देवी, शांति कुमारी, सविता देवी, रुक्मिणी देवी और मेहरुन प्रवीण समेत कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं. आवेदन की प्रतिलिपि खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी को भी भेजी गई है.
फिलहाल पूरे मामले में प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर लोगों की नजर टिकी हुई है. यदि जांच में ग्रामीणों की शिकायत सही पाई जाती है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है.