राजन पाण्डेय/न्यूज़11 भारत
चैनपुर/डेस्क: चैनपुर साप्ताहिक बाजार गुरुवार के दिन चैनपुर की मुख्य सड़कों पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है. बाजार के दिन सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से मोटरसाइकिल और टेंपो खड़े कर देने के कारण यहाँ आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. गुरुवार को साप्ताहिक बाजार के दौरान सोहन चौक, अल्बर्ट एक्का चौक और मुख्य बाजार रोड पर स्थिति सबसे ज्यादा खराब देखी गई. इन व्यस्त इलाकों में बड़े वाहनों के परिचालन के कारण घंटों जाम की स्थिति बनी रही. स्थानीय लोग और राहगीर काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आवागमन कर पा रहे हैं. स्थिति यह है कि पैदल चलने वालों को भी रास्ता नहीं मिल रहा है.
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ बाजारों की दुकानदारों द्वारा अपनी मनमानी के तहत सड़कों पर ही दुकानें लगा दी जा रही हैं. इसके अलावा, बाजार आने वाले लोग और वाहन चालक बिना किसी डर के मुख्य सड़क पर ही गाड़ियाँ खड़ी कर दे रहे हैं. सड़क का एक बड़ा हिस्सा अवैध पार्किंग और दुकानों की भेंट चढ़ जाने के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे हर हफ्ते यहाँ समय और ईंधन दोनों की भारी बर्बादी होती है. ग्रामीणों का कहना है कि हर गुरुवार को चैनपुर की मुख्य सड़कों का यही हाल रहता है. अगर समय रहते प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त नहीं की और सड़क किनारे से अवैध दुकानें व वाहन नहीं हटाए, तो यहाँ कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है.