न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी हैं. लंबे इंतजार के बाद आखिरकार 6 नवंबर को राज्य के लगभग 7000 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र मिलने जा रहा हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरायकेला में आयोजित भव्य समारोह में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे.
इस कार्यक्रम का आयोजन पहले रांची के हरमू मैदान में प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे सरायकेला में आयोजित करने का निर्णय लिया गया हैं. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं.
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से चयनित इन अभ्यर्थियों में स्नातक प्रशिक्षित और इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य दोनों वर्ग शामिल हैं. इनमें सामाजिक विज्ञान विषय के 2,748 पद भी सम्मिलित है, जिनका परिणाम सबसे अंत में घोषित किया गया था. यह परीक्षा कुल 26,001 पदों के विरुद्ध आयोजित की गई थी, लेकिन अभी तक 9,348 अभ्यर्थियों का ही चयन हो सका हैं. शेष 16,653 पद रिक्त रह गए हैं, जिनमें अधिकांश पद पारा शिक्षक श्रेणी के हैं. इन पदों में 50 प्रतिशत सीटें समग्र शिक्षा अभियान के तहत कार्यरत पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित थी.
राज्य सरकार ने पहली बार सहायक आचार्य के 50 हजार पद सृजित किए थे. पहले चरण में 26,001 पदों पर ही नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो पाई थी. शेष पदों पर भर्ती प्रक्रिया झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के आयोजन के बाद की जाएगी. इस नियुक्ति की घोषणा से राज्य के युवाओं और अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है, जो लंबे समय से नियुक्ति पत्र की प्रतीक्षा कर रहे थे.
यह भी पढ़े: दिल्ली: दीपावली से पहले क्राइम ब्रांच का बड़ा छापा, 2500 किलो मिलावटी मिठाई जब्त