न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2026 के तहत रांची जिले में 28, 29 एवं 30 जून 2026 को विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान के दौरान जन्म से पांच वर्ष तक आयु के सभी बच्चों को पोलियो से सुरक्षा के लिए दो बूंद जीवन रक्षक दवा पिलाई जाएगी. अभियान के पहले दिन 28 जून को जिले भर में स्थापित निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी. वहीं 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएगी, जो प्रथम दिन बूथ तक नहीं पहुंच सके होंगे.
इस विशेष अभियान के दौरान जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 5,05,524 बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है वही जिला में 3893 बूथों पर पोलियो की दवा दी जाएगी l अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं तथा जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं अन्य निर्धारित स्थलों पर विशेष व्यवस्था की गई है.
इस संबंध में सिविल सर्जन रांची डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने में पल्स पोलियो अभियान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उन्होंने कहा कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष रणनीति के तहत कार्य किया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव एवं घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी. उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिला अस्पताल, हाट-बाजार एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष ट्रांजिट टीमों की तैनाती की जाएगी, ताकि सभी बच्चों को पोलियो की खुराक सुनिश्चित की जा सके. साथ ही बच्चों की उंगली पर मार्किंग एवं घरों के चिन्हांकन की प्रक्रिया का भी पालन किया जाएगा.
सिविल सर्जन ने जिले के सभी अभिभावकों एवं नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिनके घरों में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चे हैं, वे अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाएं अथवा स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा घर-घर पहुंचकर दी जाने वाली पल्स पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलवाएं. पोलियो एक गंभीर बीमारी है, जो आजीवन दिव्यांगता का कारण बन सकती है, लेकिन समय पर दी गई पोलियो की खुराक से इसका प्रभावी बचाव संभव है.
यह भी पढ़ें- 28 से 30 जून तक चलेगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 61.26 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक