बिटटू/न्यूज11 भारत
बगोदर/डेस्क: बगोदर प्रखंड के मुंडरो पंचायत के लिए यह गर्व और खुशियों का दिन है. पंचायत के दो होनहार युवकों ने सीजीएल परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे गांव का नाम रोशन किया है. सफल अभ्यर्थियों में सुनील कुमार सिंह और दामोदर कुमार शामिल हैं.
सीजीएल परीक्षा में सुनील कुमार सिंह का चयन एएसओ (सहायक अनुभाग पदाधिकारी) के पद पर हुआ है, वहीं दामोदर कुमार को श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी की जिम्मेदारी मिली है. एक ही पंचायत से दो युवकों की इस उपलब्धि ने क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना दिया है. ग्रामीण इसे मुंडरो पंचायत के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक सफलता मान रहे हैं.
मुंडरो पंचायत के मुखिया बंधन महतो ने दोनों युवकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे पंचायत के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि सुनील और दामोदर की सफलता आने वाले समय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा बनेगी.
मेहनत का फल: सुनील बने एएसओ
मुंडरो निवासी सुनील कुमार सिंह के पिता त्रिभुवन सिंह एक निजी विद्यालय में शिक्षक हैं. सुनील ने बताया कि उन्होंने सीजीएल परीक्षा में पहली ही कोशिश में सफलता हासिल की. अपनी इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने माता-पिता, गुरुजनों के मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत को दिया.
सुनील ने कहा कि उन्होंने हजारीबाग में रहकर पढ़ाई और तैयारी की. उनके अनुसार मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की असली कुंजी है. उन्होंने यह भी बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद उनके पिता ने कभी पढ़ाई में कोई कमी महसूस नहीं होने दी.
दामोदर बने श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, दादा का सपना हुआ साकार
मुंडरो पंचायत के पैसरा गांव निवासी दामोदर कुमार ने सीजीएल परीक्षा में सफलता पाकर श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी का पद हासिल किया है.
दामोदर, पंचायत के पूर्व मुखिया स्व. अनंतलाल महतो के पौत्र हैं, जो अपने कार्यकाल में क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए जाने जाते थे.
दामोदर के पिता जितेंद्र महतो सामाजिक कार्यकर्ता हैं, जबकि उनकी मां आंगनबाड़ी सेविका के रूप में कार्यरत हैं.
परिजनों के अनुसार दामोदर ने हजारीबाग में रहकर कड़ी मेहनत से तैयारी की और आज अपने दादा के सपनों को साकार कर दिखाया है.
यह भी पढ़ें: शिक्षा विभाग पर 17 वर्षों से भेदभाव का आरोप, अधिकारियों को दिया आवेदन, जीवन लीला समाप्त करने की चेतावनी