न्यूज11 भारत
लोहरदगा/डेस्क: कुडू थाना क्षेत्र से लापता हुए 11 वर्षीय बालक उदीत कुमार को कुडू पुलिस ने थाना प्रभारी अजीत कुमार की सक्रिय पहल और त्वरित कार्रवाई से सकुशल बरामद कर लिया. बालक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया. जानकारी के अनुसार, कुंदो पीपराटोली निवासी नवरतन साहु ने अपने पुत्र उदीत कुमार के गुम होने की सूचना कुडू थाना में दी थी. परिजनों ने बताया था कि बालक 22 जून की दोपहर घर से निकला था और वापस नहीं लौटा. बच्चे की मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं होने के कारण परिवार की चिंता बढ़ गई थी.
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजीत कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को तत्काल खोजबीन में लगाया. विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया गया और लगातार प्रयास के बाद बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया.बालक के पिता नवरतन साहु सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने थाना प्रभारी अजीत कुमार एवं कुडू पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय पहल के कारण उनका बेटा सुरक्षित वापस मिल सका.
उन्होंने पुलिस प्रशासन के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया. स्थानीय लोगों ने भी थाना प्रभारी अजीत कुमार के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कुडू पुलिस आम लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है, जिससे लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है.
यह भी पढ़ें: मुहर्रम पर राय में आज निकलेगा ताजिया व अखाड़ा जुलूस, तैयारी पूरी