न्यूज़ 11 भारत
राजगंज/डेस्क: राजगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर पंचायत में जीटी रोड किनारे स्थित एक जमीन पर लगे पेड़ों को काटे जाने का मामला सामने आया है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार उक्त जमीन पर पहले कई पेड़ लगे हुए थे, जिन्हें बिना अनुमति के जेसीबी मशीन की मदद से काटकर जमीन को समतल कर दिया गया.
सूत्रों का यह भी कहना है कि इस पूरे मामले में कतरास के राजा के बेटे और कुछ जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप से यह कार्य कराया जा रहा है. हालांकि इस संबंध में आधिकारिक रूप से किसी की पुष्टि नहीं हुई है.
बताया जा रहा है कि पेड़ काटने के बाद जमीन पर पत्थर और ईंट भी गिराए गए हैं. साथ ही वहां बाउंड्री वॉल निर्माण की तैयारी को लेकर जमीन में गड्ढे भी खोदे गए हैं. यह जमीन महेशपुर पंचायत सचिवालय के सामने स्थित बताई जा रही है.
स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त जमीन सरकारी हो सकती है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. जमीन सरकारी है या किसी व्यक्ति के नाम पर दर्ज है, इसका स्पष्ट पता विभागीय जांच के बाद ही चल पाएगा.
फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग इसकी निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: चंदवा प्रखंड कार्यालय परिसर में मनरेगा योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को लेकर बैठक, बीडीओ ने दिए आवश्यक निर्देश