पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
गुमला/डेस्क: घाघरा पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी के एक मामले में संलिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. गिरफ्तार आरोपियों में गढ़वा निवासी रोहित कुमार उर्फ दीपक, पलामू के चैनपुर निवासी रोहित कुमार तथा गुमला निवासी रोशन साहू शामिल हैं. थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि रोहित कुमार उर्फ दीपक और रोहित कुमार ब्राउन शुगर लेकर घाघरा-नेतरहाट रोड स्थित नगड़ी ढलान के पास पहुंचे थे. वहीं ब्राउन शुगर की खरीदारी करने के लिए रोशन साहू वहां पहुंचा था. पुलिस को इस सौदे की पूर्व गुप्त सूचना मिल चुकी थी.
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वे आपस में नशीले पदार्थ का सौदा कर रहे थे. पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन, एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार तथा एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
यह भी पढ़ें: नपं अध्यक्ष ने बिजली व्यवस्था पर उठाए सवाल, महाप्रबंधक से जांच की मांग