काशिफ अख्तर/ न्यूज 11 भारत
कोडरमा/डेस्क: कोडरमा नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर साजिद हुसैन उर्फ लल्लू ने 1195 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर ली है. चुनाव परिणामों में दूसरे स्थान पर राजू सिंह को 2668 मत मिले, जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी कांति देवी को 2158 मत प्राप्त हुए. इस जीत के साथ ही नगर पंचायत की राजनीति में नए नेतृत्व की शुरुआत मानी जा रही है.
जीत के बाद साजिद हुसैन ने सबसे पहले कोडरमा की जनता का आभार व्यक्त किया और इसे आम लोगों की जीत बताया. उन्होंने कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें चुना है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे. उन्होंने नगर पंचायत के सभी जीते हुए वार्ड पार्षदों को भी बधाई दी और कहा कि अब सभी पार्षद मिलकर एक टीम की तरह काम करेंगे ताकि कोडरमा का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके.
साजिद हुसैन ने अपने वक्तव्य में साफ कहा कि नगर क्षेत्र में बेतहाशा बढ़े होल्डिंग टैक्स पर लगाम लगाई जाएगी और आम जनता को राहत दी जाएगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी कार्य में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पारदर्शिता के साथ विकास कार्य कराए जाएंगे. उनका कहना था कि नगर पंचायत का हर गली-मुहल्ला विकास की रोशनी से जुड़ना चाहिए.
उन्होंने आगे कहा कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना, सड़क-नाली निर्माण, जल निकासी की समस्या का समाधान, पेयजल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा. साथ ही उन्होंने यह भरोसा दिलाया कि सभी वर्गों को साथ लेकर बिना किसी भेदभाव के विकास किया जाएगा.
अंत में साजिद हुसैन ने कोडरमा की पूरी जनता को इस जीत के लिए बधाई दी और कहा कि यह जीत सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि पूरे नगर की जीत है. नगरवासियों में चुनाव परिणाम को लेकर उत्साह का माहौल है और लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में कोडरमा नगर पंचायत विकास की नई राह पर आगे बढ़ेगी.
यह भी पढ़ें: बेंगाबाद में नशा मुक्ति जन जागरूकता अभियान को लेकर निकाली गई रैली