न्यूज़11 भारत
गिरिडीह/डेस्क: जिले के धनवार बाजार में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े हुई एक बड़ी लूट की घटना ने पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया. आधा दर्जन अपराधियों ने खुद को जीएसटी अधिकारी बताकर एक जेवर की दुकान को निशाना बनाया और मुख्य कारीगर को अपने साथ ले जाकर 20 लाख रुपये से अधिक के जेवरात लूटकर फरार हो गए. पुलिस सूत्रों के अनुसार, बदमाश स्कॉर्पियो वाहन से आए. इनमें कुछ ने काले कोट-पैंट पहने थे, जबकि कुछ पुलिस वर्दी में दिखे. दुकान में घुसते ही उन्होंने खुद को जीएसटी अधिकारी बताकर मुख्य कारीगर हरिहर साव से कागजात की जांच के बहाने पूछताछ शुरू कर दी.
बदमाशों ने बातचीत में उलझाकर हरिहर साव से दुकान में रखे 20 लाख रुपये से अधिक के जेवर बैग में भरे और कहा कि उन्हें थाने में पूछताछ के लिए ले जाया जाएगा. इसके बाद अपराधियों ने हरिहर साव को अपनी गाड़ी में बैठा लिया और देवघर की ओर फरार हो गए. आरोपी देवीपुर स्थित एम्स के पास पहुंचे और हरिहर साव को गाड़ी से धक्का देकर गिरा दिया. इसके बाद उन्होंने जेवरात लेकर फरार हो गए. यह पूरा मामला धनवार बाजार स्थित नावाडीह स्टेट बैंक के समीप स्थित हरिहर साव के जेवर दुकान से जुड़ा हैं. घटना की जानकारी मिलते ही धनवार थाना पुलिस सक्रिय हो गई. पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं. घटना से इलाके के व्यवसायियों में सुरक्षा और दहशत का माहौल पैदा हो गया हैं.
यह भी पढ़े: Gucci का 50 हजार रुपये वाला डायपर? इंटरनेट पर हुआ वायरल.. क्या है असली सच्चाई