न्यूज11 भारत
बुंडू/डेस्क: रांची जिला अंतर्गत सोनाहातू एवं राहे प्रखंड के सैकड़ों गांवों में लंबे समय से जियो नेटवर्क की गंभीर समस्या बनी हुई है. इस संबंध में झारखंड छात्र मोर्चा, रांची जिला के पूर्व उपाध्यक्ष राजु कुमार (राजीव) ने रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड के प्रबंधक से मिलकर अविलंब समाधान की मांग की साथ ही लिखित आवेदन भी दिया है.
राजु कुमार ने अपने आवेदन में कहा कि क्षेत्र के अधिकांश गांवों में जियो नेटवर्क अत्यंत कमजोर है, जबकि कई स्थानों पर नेटवर्क पूरी तरह अनुपलब्ध है. इसके कारण आम लोगों को मोबाइल से बातचीत, इंटरनेट सेवा तथा आवश्यक डिजिटल कार्यों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों को नेटवर्क प्राप्त करने के लिए गांव से बाहर अथवा ऊंचे स्थानों पर जाना पड़ता है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है.
राजु कुमार ने कहा कि नेटवर्क की खराब स्थिति के कारण विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन, सरकारी योजनाओं का लाभ, बैंकिंग सेवाएं तथा पंचायत स्तर के डिजिटल कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं. इतना ही नहीं, आपातकालीन परिस्थितियों में 108 एम्बुलेंस, 100/112 पुलिस सहायता जैसी आवश्यक सेवाओं से संपर्क करने में भी लोगों को परेशानी होती है, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है.
उन्होंने बताया कि सोनाहातू एवं राहे क्षेत्र में लगभग 80 प्रतिशत से अधिक लोग जियो सिम का उपयोग करते हैं, लेकिन इसके बावजूद नेटवर्क की दयनीय स्थिति के कारण हजारों उपभोक्ता प्रतिदिन परेशान हो रहे हैं. यह केवल तकनीकी समस्या नहीं, बल्कि जनसुविधा और जनहित से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय है. आवेदन के माध्यम से मांग की गई है कि प्रभावित गांवों का तत्काल तकनीकी सर्वेक्षण कर अतिरिक्त मोबाइल टावर एवं आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण नेटवर्क सुविधा उपलब्ध हो सके.
राजु कुमार ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र के छात्र-युवा एवं जियो उपभोक्ता लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कंपनी की होगी. उन्होंने आशा व्यक्त की कि कंपनी जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान करेगी. मौके पर सूरज सोनार, किशोर सेठ, राकेश प्रजापति, मिलन स्वांसी, पिंटू महतो , बासुदेव महतो , मुन्ना कुमार, मृत्युंजय महतो समेत कई लोग मौजूद थे.