अमित दत्ता/न्यूज11 भारत
बुंडू/डेस्क: अनुमंडल क्षेत्र में दुर्गा पूजा की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सोमवार को जिले के बुंडू एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा ने सोमवार की शाम सोनाहातु प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पूजा पांडालों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों और आयोजनों की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया. एसडीएम ने कई स्थानों पर जाकर पूजा समितियों से मुलाकात की और उनसे शांतिपूर्ण तथा सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की. उन्होंने समितियों को यह सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया कि पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न बने.निरीक्षण के क्रम में सोनाहातु बाजार टांड़ स्थित मंदिर परिसर का जायजा लिया गया. यहां एसडीएम ने बड़ी संख्या में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर बेरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया.
इसी तरह, रावण दहन के आयोजन स्थल पर भी सुरक्षा कारणों से बैरिकेडिंग करने की बात कही गई, ताकि लोग सुरक्षित तरीके से त्योहार का आनंद ले सकें.एसडीएम ने यह भी साफ किया कि दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व पर किसी भी प्रकार के अश्लील गाने नहीं बजाए जाएं. उन्होंने पूजा समितियों को पंडालों एवं आसपास के इलाकों में स्वच्छता और साफ-सफाई बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए. उनका कहना था कि त्योहारों के दौरान स्वच्छ वातावरण बनाना और शांति व्यवस्था बनाए रखना स्थानीय प्रशासन और समिति दोनों की साझा जिम्मेदारी है.एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा के इस दौरे ने पूजा समितियों को सजग कर दिया है. अब समितियों ने भी तैयारियों को अंतिम रूप देने और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की बात कही है. उम्मीद है कि इस बार सोनाहातु क्षेत्र में दुर्गा पूजा और दशहरा का पर्व पूरी श्रद्धा, भव्यता और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगा.
यह भी पढ़ें: मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने किया होटल पार्क प्राइम का भव्य उद्घाटन