न्यूज़11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: पुलिस केन्द्र सिमडेगा में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया. इस अवसर पर स्वतंत्रता दिवस परेड का आयोजन हुआ, जिसमें सिमडेगा पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया. पुलिस अधीक्षक ने परेड का निरीक्षण कर ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी.
समारोह को संबोधित करते हुए एसपी ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और अनुशासित परेड के लिए पुलिसकर्मियों व विद्यार्थियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि सिमडेगा पुलिस कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, उग्रवाद नियंत्रण और बेहतर अनुसंधान के लिए लगातार कार्य कर रही है. जनवरी 2026 से अब तक विभिन्न मामलों में 310 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है.
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 12 मामलों में 232 किलो गांजा, 34.004 किलो अफीम, 7.8 ग्राम ब्राउन शुगर, चार पिस्टल और सात गोलियां बरामद की गईं. वहीं 3.5 एकड़ में अवैध अफीम की खेती नष्ट की गई तथा 41 अभियुक्तों को जेल भेजा गया. उत्पाद अधिनियम के मामलों में 123.54 लीटर अंग्रेजी और 50 लीटर महुआ शराब बरामद हुई.
एसपी ने बताया कि मानव तस्करी रोकने के लिए एएचटीयू थाना के माध्यम से रेस्क्यू, गिरफ्तारी और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं. साइबर अपराध के खिलाफ साइबर सेल द्वारा व्यापक अभियान चलाया गया. वर्ष 2026 में छह मामलों में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई तथा पीड़ितों के 5.55 लाख रुपये वापस कराए गए.
सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस की पहुंच बढ़ाने के लिए ग्राम भ्रमण एवं सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम चलाया जा रहा है. इसके तहत 1293 जागरूकता अभियान आयोजित किए गए और 220 लोगों के पेंशन संबंधी कार्यों में मदद की गई. जनसंवाद के 133 आवेदनों में से 129 का निष्पादन किया गया. वहीं पिछले एक वर्ष में 528 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके धारकों को लौटाए गए. एसपी ने पुलिस-पब्लिक पार्टनरशिप को अपराध नियंत्रण की मजबूत बुनियाद बताते हुए लोगों से अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की.
समारोह के दौरान उत्कृष्ट पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण एवं सराहनीय कार्य के लिए 7 पुलिस अवर निरीक्षक, 3 सहायक अवर निरीक्षक और 10 आरक्षियों सहित कुल 20 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में उपायुक्त, जिला वन पदाधिकारी, पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारी तथा गणमान्य लोग मौजूद रहे.