न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची की अपर न्याययुक्त अखिलेश कुमार तिवारी की अदालत ने दहेज हत्या मामले में सुनवाई पूरी करने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया हैं. अब कोर्ट इस मामले में अपना निर्णय 18 दिसंबर को सुनाएगी.
मामले में महिला के पति राजेश वर्मा, ससुर नंद किशोर राम और सास शीला देवी ट्रायल फेस कर रहे हैं. प्राथमिकी के अनुसार, रामगढ़ जिला के पतरातु निवासी इंदु कुमार की शादी खालारी निवासी राजेश वर्मा से हुई थी. शादी के बाद से ही इंदु को उनके ससुराल वाले रंगरूप और दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे. इंदु ने समय-समय पर अपने भाई को इस बारे में जानकारी दी. बताया गया कि छोटी-छोटी बातों पर इंदु के साथ मारपीट की जाती थी और खाना-पीना भी रोक दिया जाता था.
25 अगस्त 2021 की रात करीब 11:30 बजे इंदु के परिजनों को सूचना दी गई कि इंदु ने आत्महत्या कर ली. जब परिजन पहुंचे, तो उनके शरीर पर गहरे जख्म और गले पर फंदे के निशान पाए गए. मृतिका के भाई संजय कुमार ने इस पर आरोप लगाया कि इंदु की हत्या की गई और शव को फंदे में लटकाया गया, साथ ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया. इस मामले में संबंधित परिजनों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी.