न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रानी ताल के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच में भर्ती कराया गया. इनमें एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है. मृतक की पहचान रामगढ़ थाना क्षेत्र के बालचौरा निवासी 18 वर्षीय सुजीत कुमार, पिता शंकर भुइयां के रूप में हुई है.
घायलों में आनंद कुमार , पिता शिवशंकर भुइयां, राजेश साव , पिता नंदकिशोर साव और दिलीप कुमार साव , पिता रामेश्वर साव, सभी बाघी, रामगढ़ निवासी बताए गए हैं. वहीं दूसरी बाइक पर सवार रूपेश कुमार यादव , पिता बिलास यादव, निवासी कंकारी, चैनपुर को गंभीर चोटें आई हैं और उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए एमएमसीएच भेजा. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि एक मोटरसाइकिल पर चार लोग सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर एक सवार था. दोनों मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई, जिसमें एक युवक की मौत हुई है और अन्य लोग घायल हुए हैं.