न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रविवार को आईआईटी (आईएसएम), धनबाद में आयोजित 'राष्ट्रीय पर्यावरण कार्यशाला' को संबोधित किया. आरोग्य भारती ने आईआईटी-आईएसएम के सहयोग से इस कार्यशाला का आयोजन किया था.
राज्यपाल ने कहा कि पर्यावरण, स्वास्थ्य और जीवनशैली एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं. भारतीय जीवन-दृष्टि में प्रकृति के प्रति सम्मान हमेशा से हमारी परंपरा का हिस्सा रही है. उन्होंने कहा कि आज जलवायु परिवर्तन, वायु प्रदुषण और जेव-विविधता के संरक्षण जैसी चुनौती सामने है. ऐसे में प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीवन जीने की सोच पहले से ज्यादा जरूरी हो गई है. उन्होंने कहा कि पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं का समाधान केवल सरकार के प्रयासों से नहीं किया जा सकता. इसके लिए समाज, शैक्षणिक संस्थानों, वैज्ञानिकों, चिकित्सकों, औधोगिक संस्थानों और आम नागरिकों की भागीदारी जरूरी है. जल और ऊर्जा की बचत के साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदार व्यवहार जैसे छोटे कदम भी पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभा सकते हैं.

राज्यपाल ने स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण को एक-दूसरे का पूरक बताया. उन्होंने योग की महत्ता पर भी जोर देते हुए कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन और समग्र कल्याण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में केवल बीमारी का इलाज ही नहीं, बल्कि उसकी रोकथाम, संतुलित पोषण, स्वस्थ जीवनशैली, योग और स्वच्छ पर्यावरण पर भी ध्यान देना जरूरी है. विभिन्न चिकित्सा पद्दतियों और स्वास्थ्य संबंधी दृष्टिकोणों को एक मंच पर लाकर समग्र स्वास्थ्य की दिशा में बेहतर प्रयास किए जा सकते हैं. इस लिहाज से आरोग्य भारती का कार्य महत्वपूर्ण है.

राज्यपाल ने आईआईटी (आईएसएम), धनबाद जैसे तकनीकी संस्थानों की भूमिका को भी अहम बताया. उन्होंने कहा कि विज्ञान और तकनीक के जरिए पर्यावरणीय चुनौतियों के व्यावहारिक और टिकाऊ समाधान विकसित किए जा सकते है. जल संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा, कचरा प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों के क्षेत्र में शोध और नवाचार को बढ़ावा देने की जरूरत है. अंत में राज्यपाल ने युवाओं और विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि युवा खुद जागरूक होने के साथ अपने परिवार और समाज को भी पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित करें.
यह भी पढ़ें: धनबाद पहुंचे राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ स्वागत